पति के वियोग में तनावग्रस्त महिला ने लगा लिया मौत का फंदा

बच्चों के साथ खाना खाया और फिर मौत को चुन लिया

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के सुभाषनगर में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां पति की मृत्यु के बाद से मानसिक बीमारी से जूझ रही एक महिला ने फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, ट्रांजिट कैंप के वार्ड संख्या दो, सुभाषनगर निवासी माया देवी (45) अपने परिवार के साथ रहती थीं। वर्ष 2023 में उनके पति परमेश्वरी लाल का निधन हो गया था, जिसके बाद से ही वह गहरे मानसिक तनाव और बीमारी से ग्रसित रहने लगी थीं। माया देवी की बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि उनके तीन छोटे बच्चे अपनी मां का ख्याल रखते थे।

बताया जा रहा है कि शनिवार को बड़ी बेटी अपनी ससुराल से मायके आई हुई थी। देर शाम सभी बच्चों ने अपनी मां के साथ खाना खाया और एक कमरे में बैठकर बातचीत की। कुछ देर बाद जब मां माया देवी की कोई आहट नहीं हुई, तो बच्चे उनके कमरे में गए। वहां माया देवी फंदे पर लटकी हुई थीं।

परिजनों द्वारा तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement