कनाडा में मकान बनाने के लिए बहु से 1 करोड़ की डिमांड 

– महिला ने दर्ज कराया पति समेत चार ससुरालियों पर मुकदमा

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। पंतनगर थाना क्षेत्र के मेट्रोपोलिस सिटी निवासी एक विवाहिता को ससुराल पक्ष द्वारा कम दहेज के लिए प्रताड़ित करने, नौकरी छुड़वाने और कनाडा में मकान बनाने के लिए 1 करोड़ रुपये की मांग करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने न्यायालय के आदेश के बाद पति, सास, जेठ और जेठानी के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मेट्रोपोलिस सिटी निवासी डॉ. अंकिता प्रियदर्शी ने बताया कि उनका विवाह 19 अक्टूबर 2018 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विनीत चुघ निवासी शालीमार बाग, नई दिल्ली के साथ हुआ था। शादी में मायके पक्ष ने अपनी हैसियत के मुताबिक पर्याप्त स्त्रीधन और उपहार दिए थे। लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही पति विनीत चुघ, सास ललिता चुघ, जेठ सुमित चुघ और जेठानी गिन्नी उन्हें कम दहेज का ताना देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। दबाव बनाकर ससुराल वालों ने डॉ. अंकिता से चाइल्ड हेल्प नेशनल हेल्थ में कोऑर्डिनेटर पद से इस्तीफा दिला दिया।

वर्ष 2021 में डॉ. अंकिता ने एक परीक्षा उत्तीर्ण की और पढ़ाई के लिए कनाडा चली गईं, जबकि पति परीक्षा में अनुत्तीर्ण होने के कारण भारत ही रुक गए। आरोप है कि ससुरालियों ने पढ़ाई का खर्च देने से मना कर दिया, जिसके बाद पीड़िता के पिता ने करीब 10 लाख रुपये खर्च किए।

आरोप है कि वर्ष 2022 में जब पति विनीत भी कनाडा पहुंचा, तो उसने वहां नया मकान खरीदने और बनाने के लिए डॉ. अंकिता पर मायके से 1 करोड़ रुपये लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। पीड़िता ने जब अपने परिवार की आर्थिक असमर्थता जताई, तो उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

पीड़िता का यह भी गंभीर आरोप है कि उसके पति का किसी अन्य युवती के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा है और विरोध करने पर उसे लगातार तलाक देने की धमकियां दी जा रही थीं।ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर डॉ. अंकिता 9 अक्टूबर को भारत अपने मायके लौट आईं। उन्होंने पंतनगर थाने में तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अब अदालत के निर्देश पर पंतनगर थाना पुलिस ने पति विनीत चुघ, सास ललिता चुघ, जेठ सुमित चुघ और जेठानी गिन्नी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement