नेपाल से महज 100 किलोमीटर पहले दबोचा गया 5 करोड़ का चोर दंपत्ति

हैदराबाद में जेवरातो की महाचोरी कर भाग रहा था नेपाली जोड़ा

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। हैदराबाद के एक नामी बिजनेसमैन के घर से पांच करोड़ रुपये के हीरे और सोने के जेवरात साफ करने वाला शातिर नेपाली चोर दंपत्ति नेपाल भागने ही वाला था। गनीमत रही कि दो राज्यों के आईपीएस अफसरों के निर्देश पर एक जॉइंट ऑपरेशन ने चोरों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। चोर दंपति को पकड़कर चोरी का सामान बरामद किया गया है।

हैदराबाद के पॉश इलाके ‘हिल राइज विलास’ में रहने वाले एक बड़े कारोबारी ने महज एक महीने पहले कमल शाही निवासी गांव- मोहन्याल, जिला- कैलाली, नेपाल और उसकी पत्नी विमला शाही गांव- बर्दगोरिया, जिला- कैलाली (केलाली), नेपाल को अपने यहाँ सिक्योरिटी और घरेलू काम के लिए रखा था। दंपत्ति हिल रिज विला (हिल राइज विलास कॉलोनी), गच्चीबाउली, हैदराबाद, तेलंगाना में रहता थाm

छह जून को जब बिजनेसमैन का परिवार मुंबई गया, तो इस नेपाली दंपत्ति ने अपने गैंग के साथ मिलकर पूरे घर को खंगाल डाला और करीब एक किलो सोना व बेशकीमती हीरे लेकर रफूचक्कर हो गए।

चोरों की लोकेशन ट्रैक करते हुए तेलंगाना पुलिस को शक हुआ कि ये नेपाल भाग रहे हैं। तेलंगाना के साइबराबाद पुलिस कमिश्नर  डॉ. एम. रमेश ने तुरंत ऊधमसिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति कुंभार और रामपुर एसएसपी को आरोपियों की तस्वीरें शेयर कीं। सूचना मिलते ही एसएसपी खुद एसओजी और यूपी की बिलासपुर पुलिस को साथ लेकर उत्तराखंड-यूपी बॉर्डर पर डट गए।

आठ जून की रात को जैसे ही एक यूपी रोडवेज बस वहां पहुंची, पुलिस ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। खुद को घिरा देख दंपत्ति दो भारी बैग लेकर बस से उतरा, लेकिन मुस्तैद पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। जब बैग खोले गए, तो उसमें से चमचमाते हुए हीरे और सोने के गहने बरामद हुए, जिनकी कीमत लगभग 4 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। अगर पुलिस एक घंटे भी लेट होती, तो चोर महज 100 किलोमीटर दूर नेपाल की सीमा में घुस जाते। रामपुर पुलिस में आरोपी दंपति और बरामद माल को कब्जे में लिया है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement