नवगठित नगर पंचायत पाटी के पहले चुनाव में बीजेपी को शिकस्त

Share News

प्रख्यात गायक पवन राजन के जीजा निर्दलीय नारायण लाल बने अध्यक्ष

– बीजेपी ने झोंकी थी पूरी ताकत, मगर मिली हार 

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

चंपावत। नवगठित नगर पंचायत पाटी के पहले ऐतिहासिक चुनाव में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। सत्ताधारी दल बीजेपी द्वारा पूरी ताकत झोंकने के बावजूद निर्दलीय मुकाबले में उतरे नारायण लाल ने इतिहास रचते हुए पाटी नगर पंचायत के पहले अध्यक्ष का पद अपने नाम कर लिया है। उन्होंने बीजेपी के अधिकृत प्रत्याशी नवीन राम को 224 मतों के भारी अंतर से शिकस्त दी है।

इस चुनाव में ग्लैमर और सेलिब्रिटी फैक्टर भी खूब चर्चा में रहा। नवनिर्वाचित अध्यक्ष नारायण लाल प्रसिद्ध गायक और इंडियन आइडल विनर पवनदीप राजन के जीजा हैं। अपने जीजा के समर्थन में पवनदीप राजन खुद पाटी में चुनाव प्रचार करने उतरे थे, जिसका फायदा नारायण लाल को मिला। दूसरी तरफ, बीजेपी ने इस सीट को प्रतिष्ठा का विषय बनाते हुए अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी, लेकिन पाटी की जनता ने नारायण लाल पर अपना भरोसा जताया।

मतगणना के अंतिम परिणाम के अनुसार, अध्यक्ष पद के मुकाबले में नारायण लाल को कुल 738 मत मिले, जबकि बीजेपी के नवीन राम को 514 मतों से ही संतोष करना पड़ा। इस तरह नारायण लाल ने 224 मतों से शानदार जीत दर्ज की। तीसरे स्थान पर रहीं पार्वती देवी को 301 मत प्राप्त हुए।

अध्यक्ष पद के साथ ही पाटी के चारों वार्डों के परिणाम भी सामने आ चुके हैं। वार्ड संख्या 01 (रानीचौड़): यहाँ से शांति देवी ने 166 मत पाकर जीत दर्ज की। उन्होंने खीमा देवी (100 मत) और रुकमणी (86 मत) को मात दी। इस वार्ड में 08 नोटा और 04 अवैध मत रहे। 

वार्ड संख्या 02 (जौलाड़ी): इस वार्ड से बबलू पाटनी 151 मत पाकर विजयी रहे। उन्होंने कड़े मुकाबले में दिनेश (129 मत), कमल (86 मत), मनीषा (64 मत) और विवेक (57 मत) को हराया। यहाँ 17 अवैध मत और 01 नोटा रिकॉर्ड किया गया।

वार्ड संख्या 03 (न्यू कॉलोनी): यहाँ से नवल ने 183 मत हासिल कर जीत का परचम लहराया। उनके प्रतिद्वंद्वी संजय को 161, विनोद को 97 और दीपक को 41 मत मिले। यहाँ 03 नोटा और 06 अवैध मत पड़े।

वार्ड संख्या 04 (पूनाकोट): इस वार्ड में संगीता ने 145 मत पाकर एकतरफा बाजी मारी, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी मनीषा को 95 मत मिले। यहाँ 11 अवैध मत और 01 नोटा रहा।

 


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *