


विधायक शिव अरोरा और सीडीओ ने किया अस्थाई
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा का तोहफा मिलने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। क्षेत्र के लिए स्वीकृत केंद्रीय विद्यालय को इसी शैक्षणिक सत्र से शुरू करने की तैयारियां तेजी से की जा रही हैं।
सोमवार को विधायक शिव अरोरा ने मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी के साथ ब्लॉक रोड स्थित समाज कल्याण विभाग की अस्थाई बिल्डिंग का औचक निरीक्षण किया। इस बिल्डिंग को केंद्रीय विद्यालय के मानकों के अनुसार तैयार किया जा रहा है, जिसका निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में है।
विधायक शिव अरोरा ने बताया कि जिला स्तर से सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश केंद्रीय विद्यालय संगठन की उपायुक्त प्रीति सक्सेना ने इस पर अपनी सहमति दे दी है। इसके साथ ही, रुद्रपुर में विद्यालय संचालन की अंतिम अनुमति के लिए संयुक्त आयुक्त (कार्मिक) केंद्रीय विद्यालय संगठन, नई दिल्ली को पत्र भेज दिया गया है। केंद्र से हरी झंडी मिलते ही इसी सत्र से स्कूल का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। सीडीओ दिवेश शाशनी ने बताया कि बिल्डिंग का निर्माण जिला विकास प्राधिकरण द्वारा केंद्रीय विद्यालय के कड़े मानकों और सेफ्टी प्वाइंट्स को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। अगले 15 दिनों के भीतर इस अस्थाई भवन का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया जाएगा।
वहां पर जिला विकास प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता नवीन नवानी, व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष संदीप राव, पार्षद पति संतोष गुप्ता (वार्ड 25), उमेश पासरीचा, विक्की घई, मनोज मदान, नमन चावला, विक्की वाल्मीकि और मयंक कक्कड़ सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

