दिव्यांग से प्रेम का नाटक कर लूटी मेहनत की कमाई

– शादी का झांसा देकर दूसरी जगह रचाया ब्याह, मुकदमा दर्ज

पांच बहनों के इकलौते दिव्यांग भाई को प्रेमजाल में फंसाकर की धोखाधड़ी

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। दूधियानगर से धोखाधड़ी और उत्पीड़न का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवती ने 60 फीसदी दिव्यांग युवक को अपने प्रेमजाल में फंसाकर न सिर्फ उसकी मेहनत की गाढ़ी कमाई लूटी, बल्कि गुपचुप तरीके से कोर्ट मैरिज करने के बावजूद दूसरे युवक से शादी रचा ली। अब अदालत के आदेश पर पुलिस ने आरोपी युवती और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या-2, दूधिया नगर निवासी  विकास कश्यप ने बताया कि वह 60 प्रतिशत पोलियो ग्रस्त है। माता-पिता की मौत के बाद उस पर अपनी पांच बहनों की जिम्मेदारी भी है, जिनका भरण-पोषण वह एक कॉमन सर्विस सेंटर चलाकर करता है। विकास के मुताबिक, करीब तीन साल पहले उसकी मुलाकात ज्योति कश्यप निवासी तीनपानी, मानपुर पश्चिम, हल्द्वानी से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे एक-दूसरे से प्रेम करने लगे।

आरोप है कि ज्योति ने उसे शादी का झांसा देकर अपने प्रेमजाल में बांधे रखा। इस दौरान विकास ने ज्योति की बीमारी के इलाज से लेकर उसके जेवरात बनवाने तक का सारा खर्च अपनी मेहनत की कमाई से उठाया। विकास का दावा है कि दोनों ने आपस में शादी भी कर ली थी। लेकिन इस बीच ज्योति के परिजनों ने उसका विवाह अर्जुन मल्लाह निवासी ब्यौरा खाम, काठगोदाम के साथ तय कर दिया। जब विकास ने इस पर आपत्ति जताई और अपने दिए हुए पैसे व जेवरात वापस मांगे, तो युवती के परिवार वाले अमर्यादित भाषा और गाली-गलौज पर उतर आए।

बताया कि बीते छह मार्च की रात करीब 8 बजे वह इस मामले में बातचीत करने के लिए रुद्रपुर स्टेडियम के पास गया था। वहाँ ज्योति, उसकी मां, भाई जीतू और मामा राजवीर कश्यप एक गाड़ी में सवार थे। आरोप है कि बातचीत के दौरान उक्त लोगों ने विकास को गाड़ी से कुचलकर मारने और उसकी लाश को जमीन में दफन करने की धमकी दी।

पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई थी, लेकिन शुरुआती दौर में पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद पीड़ित ने न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया। अब कोर्ट के आदेश के बाद रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement