


डकैती, लूट, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट सहित 27 मुकदमों में नामजद है तारा
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
नानकमत्ता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति को धरातल पर उतारते हुए ऊधम सिंह नगर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने नानकमत्ता क्षेत्र के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर व गैंगस्टर तारा सिंह के अवैध साम्राज्य पर बुलडोजर चला दिया। इस कार्रवाई के तहत नानकसागर बांध स्थित सिंचाई विभाग की करीब 2 एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम गिधौर निवासी हिस्ट्रीशीटर तारा सिंह और उसके परिवारजनों ने नानकसागर बांध के पास सिंचाई विभाग की सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर पक्का मकान बना लिया था। जांच में सामने आया कि इस ठिकाने का इस्तेमाल लंबे समय से स्मैक, हेरोइन और अन्य नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री व तस्करी के लिए किया जा रहा था। सिंचाई विभाग द्वारा नोटिस दिए जाने और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपजिलाधिकारी खटीमा के आदेश पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
तहसील प्रशासन, सिंचाई विभाग (बरेली), स्थानीय पुलिस, पीएसी और फायर सर्विस की संयुक्त टीम भारी अमले और बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच बुलडोजर ने अपराधी तारा सिंह के अवैध पक्के मकान को ढहा दिया। कार्रवाई के दौरान वहां सरकारी भूमि पर बनाई गई एक अवैध धार्मिक संरचना (मजार) को भी हटा दिया गया।
–
नशा तस्करों, गैंगस्टरों और संगठित अपराधियों के लिए ऊधम सिंह नगर में कोई जगह नहीं है। अपराध की कमाई से खड़ी की गई अवैध संपत्तियों को ध्वस्त करने और सरकारी जमीनों को मुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अजय गणपति, एसएसपी, ऊधम सिंह नगर

