महापौर ने परशुराम चौक पर पैदल यात्रियों के लिए खुलवाया कट

Share News

– फुट ओवरब्रिज बनने तक बनेगी जेब्रा क्रॉसिंग

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रूद्रपुर। नैनीताल हाईवे स्थित परशुराम चौक पर कट बंद होने से पैदल यात्रियों को हो रही परेशानी और हाल ही में हुए दर्दनाक हादसे को देखते हुए महापौर विकास शर्मा ने बड़ी पहल की है। उन्होंने नगर निगम की टीम, व्यापार मंडल एवं ब्राह्मण महासभा के पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने फुट ओवरब्रिज का निर्माण होने तक वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित कट खोलने और जेब्रा क्रॉसिंग बनाने के निर्देश दिये। महापौर के निर्देश पर अस्थाई रूप से पैदल आने जाने वालो के लिए कट खोल दिया गया।

दरअसल, नैनीताल हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए परशुराम चौक का कट बंद किया गया था। कट बंद होने के बाद आसपास के व्यापारियों, स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं राहगीरों को हाईवे पार करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लोग जान जोखिम में डालकर तेज रफ्तार वाहनों के बीच सड़क पार करने को मजबूर थे। बीते दिनों इसी स्थान के पास सड़क पार कर रही एक महिला की जेसीबी की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गयी थी। घटना के बाद लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गयी थी। कांग्रेस में इस मसले को लेकर प्रदर्शन किया था।

इस पर महापौर विकास शर्मा ने सोमवार को मौके का निरीक्षण किया और अस्थाई रूप से पैदल यात्रियों के लिए कट खुलवा दिया। महापौर ने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। हाईवे पर आवाजाही करने वाले लोगों, विशेषकर स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की परेशानी को देखते हुए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।परशुराम चौक पर दोनों ओर जेब्रा क्रॉसिंग बनायी जायेगी और पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराया जायेगा। इस कट को यू-शेप में तैयार किया जायेगा, ताकि इससे बाइक या अन्य वाहन नहीं निकल सकें और इसका उपयोग केवल पैदल आने-जाने वाले लोग ही कर सकें। इससे दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी और लोगों को राहत मिलेगी।

परशुराम चौक और सिंचाई विभाग कार्यालय के पास फुट ओवरब्रिज निर्माण की पहल शुरू कर दी गयी है। इस संबंध में एनएचएआई के अधिकारियों से वार्ता की गयी है और परियोजना निदेशक को लिखित पत्र भी दिया गया है। उन्होंने बताया कि फुट ओवरब्रिज निर्माण को लेकर सकारात्मक सहमति मिल चुकी है और उम्मीद है कि जल्द ही इस दिशा में कार्य आगे बढ़ेगा।

इस दौरान भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, देवभूमि व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष गुरमीत सिंह, ब्राह्मण महासभा अध्यक्ष मुकेश वशिष्ठ सहित कई लोग मौजूद रहे।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *