


विधायक शिव अरोरा का दावा, रुद्रपुर के विकास का हर संकल्प हो रहा धरातल पर साकार
छतरपुर-शांति विहार मार्ग का निर्माण कार्य भी कुछ दिनों में होगा शुरू
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। विधायक शिव अरोरा ने विधानसभा क्षेत्र में चल रहे और आगामी बड़े विकास कार्यों का ब्यौरा साझा किया। विधायक ने दो टूक शब्दों में कहा कि वह केवल हवा-हवाई प्रस्तावों पर चर्चा नहीं करते, बल्कि कार्यों को स्वीकृत कराकर धरातल पर उतारने में विश्वास रखते हैं। उन्होंने रुद्रपुर की जनता से किए गए अपने वादों को पूरा होने का दावा किया।
बुधवार को अपने कार्यालय में उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवे से बिंदुखेड़ा रायपुर को जाने वाला मोटर मार्ग पिछले दसियों साल से बेहद जर्जर हालत में था, जहाँ सिर्फ गड्ढे ही नजर आते थे। उन्होंने जनता से इसे बनवाने का वादा किया था। अब राज्य योजना के अंतर्गत इसके लिए 3.94 करोड़ रुपये की धनराशि का शासनादेश होने के बाद लोक निर्माण विभाग द्वारा टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर पूरा होते ही इसका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
लंबे समय से खराब चल रहे 5 किलोमीटर लंबे छतरपुर-शांति विहार मार्ग के लिए 2.47 करोड़ रुपये जारी किए गए थे। विधायक ने खुशखबरी देते हुए बताया कि इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और कार्यआदेश भी जारी कर दिया गया है। आगामी कुछ दिनों में इसका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इस मार्ग के बनने से सिडकुल और हल्द्वानी मार्ग पर आने-जाने वाले हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। विधायक ने कहा कि बरसात में इस मार्ग पर चलना दूभर होता था और विपक्ष इस पर राजनीति व प्रदर्शन करता था, लेकिन आखिरकार हमने जनता का यह संकल्प भी पूरा कर दिखाया है।
विधायक शिव अरोरा ने काशीपुर बाईपास निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा में शामिल इस प्रोजेक्ट का शिलान्यास हाल ही में देश के कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री द्वारा किया गया था। पीडब्ल्यूडी ने इसके लिए 13.72 करोड़ रुपये का टेंडर भी आमंत्रित कर दिया है। बाईपास निर्माण के रास्ते में आने वाले अतिक्रमण को हटाने के लिए अगले एक-दो दिनों में मुनादी कराई जाएगी। स्थानीय लोगों को खुद से अतिक्रमण हटाने के लिए 8 जुलाई तक का समय दिया जाएगा। इसके बाद 10 जुलाई से विभाग द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। साथ ही बिजली और जल संस्थान भी अपना काम शुरू कर देंगे। विधायक ने बताया कि पूर्व विधायक द्वारा इस प्रस्ताव को निरस्त करने की लिखित सहमति देने के कारण इस प्रोजेक्ट को दोबारा जिंदा करने में लंबा समय लगा। इस बाईपास के बनने से रुद्रपुर को जाम से मुक्ति मिलेगी, स्कूली बच्चों का समय बचेगा और व्यापारियों का व्यापार बढ़ेगा।
रमपुरा क्षेत्र के एकमात्र जर्जर बारात घर के विस्तारीकरण और सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल कर लिया गया है। जिला विकास प्राधिकरण द्वारा इसकी डीपीआर तैयार की जा रही है, जिसे जल्द मंजूरी मिलेगी।सिंचाई विभाग की जमीन पर 2.75 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली रुद्रपुर की पहली आधिकारिक पार्किंग का टेंडर लग चुका है। विधायक ने भरोसा दिलाया कि इसी साल यह पार्किंग जनता को समर्पित कर दी जाएगी। वहां पर मंडल अध्यक्ष धीरेश गुप्ता, मुकेश पाल, जगदीश विश्वास, मयंक कक्कड़ सहित कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

