


फर्जी लाइसेंस बनाकर हथियार खरीदने वाला गिरफ्तार
एसटीएफ की फर्जी शस्त्र लाइसेंस गिरोह मामले में 13 वीं गिरफ्तारी
न्यूज एंड नॉक संवाददाता
काशीपुर। एसटीएफ की ओर से अवैध हथियारों और फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। टीम ने इस मामले में 13 वीं गिरफ्तारी की है। इस बार टीम ने एक ही फर्जी लाइसेंस नंबर पर दो जाली लाइसेंस बनाकर दो हथियार खरीदने वाले आरोपी को दबोचा है।
एसटीएफ ने काशीपुर के ग्राम कचनालगाजी में सटीक सूचना पर छापेमारी की। इस दौरान पलविन्दर सिंह को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से एक अर्ध-स्वचालित पिस्तौल .30 बोर, चार कारतूस, एक राइफल .315 बोर, चार कारतूस और फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किया गया है।
इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ अब तक कुल १३ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुका है। इस बड़ी कार्रवाई में अब तक 19 अवैध हथियार, 358 कारतूस और भारी संख्या में फर्जी एवं संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस बरामद किए जा चुके हैं।
एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारक स्वयं अपने हथियारों और लाइसेंस के साथ आत्मसमर्पण कर दें, अन्यथा कानून का शिकंजा बहुत जल्द उनके दरवाजे तक पहुंचेगा। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। टीम में निरीक्षक अरुण कुमार, निरीक्षक एम.पी. सिंह, उपनिरीक्षक प्रकाश भगत, मुख्य आरक्षी मोहित वर्मा, आरक्षी रवि बोरा, मुख्य आरक्षी चालक संजय कुमार, मुख्य आरक्षी मनोज बवाड़ी और मुख्य आरक्षी सुरेन्द्र कनवाल शामिल रहे।

