कार से युवक को कुचलकर हत्या को दिया सड़क हादसे का रूप

पुलिस ने 48 घंटे में 2 शातिर अभियुक्तों को किया गिरफ्तार

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

जसपुर। पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या का महज 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते बाइक सवार युवकों को कार से कुचलकर हत्या की थी और इसे सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की थी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बलेनो कार बरामद कर दो शातिर हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल, बीती 10 जुलाई की रात करीब 10 बजे जसपुर पुलिस को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि ठाकुरद्वारा चुंगी के पास खेड़ा वाली रोड पर एक कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी है, जिसमें तीन लोग घायल हो गए हैं और कार चालक मौके से फरार है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नहर से मोटरसाइकिल को कब्जे में लिया, लेकिन घायलों का अस्पतालों में कोई सुराग नहीं मिल पाया।

11 जुलाई को घायल नितिन कुमार के पिता बनारसी दास निवासी जुलाहन, जसपुर ने थाने आकर सूचना दी कि इलाज के दौरान उनके बेटे नितिन की मौत हो गई है। पिता ने आरोप लगाया कि यह हादसा नहीं, बल्कि पुष्पेन्द्र चौहान उर्फ मानू और जाकिर गुज्जर द्वारा रची गई एक सुनियोजित हत्या है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश और काशीपुर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में जसपुर कोतवाली पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई।

तकनीकी साक्ष्यों और सुरागरसी की मदद से पुलिस ने 12 जुलाई को हाईवे के किनारे घेराबंदी कर दोनों नामजद अभियुक्तों पुष्पेन्द्र चौहान उर्फ मानू निवासी कासमपुर, जसपुर और जाकिर गुज्जर निवासी वार्ड नं०-13 नई बस्ती, जसपुर को घटना में प्रयुक्त बलेनो कार के साथ दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि 10 जुलाई को उनका नितिन, लविश और हर्ष के साथ झगड़ा हुआ था। इसी प्रतिशोध में जब उन्होंने तीनों को ठाकुरद्वारा चुंगी से खेड़ा जाने वाली नहर रोड पर देखा, तो जान से मारने की नीयत से अपनी कार से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और उन्हें कुचलते हुए फरार हो गए। अभियुक्त पुष्पेन्द्र चौहान उर्फ मानू  के खिलाफ पूर्व में भी मुकदमा दर्ज है।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में हत्या जैसे जघन्य अपराधों को अंजाम देने वाले अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। ऊधम सिंह नगर पुलिस अपराध के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले हर अपराधी के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। खुलासे में प्रभारी निरीक्षक राजेश पाण्डेय, वरिष्ठ उपनिरीक्षक भूपाल राम पौड़ी, उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद मौनियाल, सन्तोष देवरानी, हरीश आर्या, रुचिका चौहान, ललित डिगारी और अन्य मुख्य आरक्षियों व आरक्षियों की टीम ने सराहनीय भूमिका निभाई।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement