– विधायक बोले, परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं
– भोजीपुरा स्थित राममूर्ति मेडिकल कॉलेज पहुंचे रुद्रपुर विधायक, डॉक्टरों को दिए बेहतर इलाज के निर्देश
– जरूरत पड़ने पर एम्स भेजने का भी दिया भरोसा
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। गंभीर रूप से घायल रुद्रपुर निवासी अभिषेक के इलाज को लेकर विधायक शिव अरोरा खुद मोर्चे पर डट गए हैं। भोजीपुरा (बरेली) स्थित श्री राममूर्ति स्मारक मेडिकल कॉलेज पहुंचकर विधायक शिव अरोरा ने भर्ती अभिषेक की कुशल-क्षेम जानी और डॉक्टरों से उसके स्वास्थ्य व चल रहे उपचार की विस्तृत जानकारी ली।
विधायक ने अभिषेक का इलाज कर रहे डॉ. हर्षित अग्रवाल से मरीज की वर्तमान क्रिटिकल स्थिति, चल रही दवाओं और आगे की मेडिकल प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की। इसके साथ ही उन्होंने राममूर्ति मेडिकल कॉलेज के सुपरिटेंडेंट कर्नल आर.पी. सिंह से वार्ता कर स्पष्ट निर्देश दिए कि अभिषेक को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा दी जाए और इलाज में किसी भी तरह की कोताही न बरती जाए।
विधायक ने अभिषेक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हिम्मत दी और कहा कि इस संकट की घड़ी में वे अकेले नहीं हैं। उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा कि अभिषेक के इलाज में पैसों या सुविधाओं की कमी नहीं आने दी जाएगी। रुद्रपुर का विधायक होने के नाते मैं और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। अगर जरूरत पड़ी तो अभिषेक को एम्स दिल्ली, एम्स ऋषिकेश या देश के किसी भी शीर्ष चिकित्सा संस्थान में स्थानांतरित कराकर हर संभव मदद दी जाएगी।
शिव अरोरा ने कहा कि ईश्वर से अभिषेक के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना पूरा रुद्रपुर शहर कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अभिषेक जल्द ठीक होकर अपनों के बीच लौटेगा। इस दौरान विधायक के साथ मुख्य रूप से सुनील यादव, सोनू मुल्तानी, मुकेश राजोरिया, संदीप वाल्मीकि, और अंकित वाल्मीकि सहित अन्य स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




