– दो मामलों में अलग-अलग पते वाले आधार कार्ड का किया इस्तेमाल, मुकदमा दर्ज
न्यूज एंड नॉक संवाददाता
पंतनगर। उधम सिंह नगर की विशेष एनडीपीएस कोर्ट में फर्जी आधार कार्ड लगाकर जमानत लेने का गंभीर मामला सामने आया है। एक ही आधार संख्या पर दो अलग-अलग पते अंकित पाए जाने पर अदालत के आदेश पर थाना पंतनगर में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
जानकारी के अनुसार, एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में विद्वान अधिवक्ता द्वारा दो जमानतियों के दस्तावेज अदालत में प्रस्तुत किए गए थे। इनमें से एक जमानती सलीम खां निवासी- श्यामखेत, भवाली, जिला नैनीताल द्वारा पेश किए गए आधार कार्ड में दर्ज पता संदेह के घेरे में आ गया।
जांच में पता चला कि उक्त आधार संख्या पर उसका पता ‘महराया, खमरिया, लालपुर, उधम सिंह नगर’ भी दर्ज था। इसी जमानती ने पूर्व में थाना जसपुर के एक अन्य एनडीपीएस मामले में अभियुक्त नौशाद उर्फ सुल्ला की भी जमानत ली थी, जहां प्रस्तुत आधार कार्ड में लालपुर का पता अंकित था। एक ही आधार नंबर पर दो भिन्न-भिन्न पते मिलने और अदालत के समक्ष पूछताछ के दौरान परस्पर विरोधी बयान देने पर फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश (एनडीपीएस एक्ट) दीपाली शर्मा के आदेश पर न्यायालय लिपिक चंद्र सिंह द्वारा थाना पंतनगर में तहरीर दी गई।
पंतनगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित जमानती के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आरोपी के आधार कार्ड की सत्यता और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।




