एसओजी और पुलिस ने 4 अभियुक्तों को किया गिरफ्तार
– 1.26 लाख नकदी बरामद, अभियुक्त भेजे गए जेल
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मलसी क्षेत्र में हुई डकैती की घटना का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि 1 बाल अपचारी को भी संरक्षण में लिया गया है। इनके कब्जे से लूटी गई धनराशि में से ₹1.26 लाख बरामद किए गए हैं।
08 अगस्त की रात्रि को रुद्रपुर के ग्राम मलसी निवासी श्री विनीत पाठक के घर में डकैती की घटना घटित हुई थी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने तुरंत संज्ञान लेते हुए रुद्रपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त 04 टीमों का गठन किया और जल्द से जल्द घटना का पर्दाफाश करने के निर्देश दिए। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की। मिले सुरागों और बाल अपचारी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के जनपद रामपुर स्थित थाना विलासपुर के ग्राम पसियापुर में दबिश देकर अभियुक्तों को धर दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्तों में प्रिंस उर्फ प्रिंसदीप सिंह निवासी ग्राम पसियापुर, थाना विलासपुर, जनपद रामपुर, हरपाल सिंह निवासी ग्राम पसियापुर, थाना विलासपुर, जनपद रामपुर, हरजीत सिंह निवासी ग्राम पाण्डेय निवाड़, आरटीओ रोड, हल्द्वानी और सतपाल सिंह निवासी ग्राम कोपा किरपाली, गुलरभोज, थाना गदरपुर शामिल रहे। इसमें साथ ही एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया गया। अभियुक्तों से 1,26,000 रूपये बरामद किए गए।




