


निजी अस्पताल।से डिस्चार्ज होने के बाद पुलिस ने लिया था हिरासत में, भेजा गया जेल
न्यूज एंड नॉक संवाददाता
किच्छा। पुलिस ने बहुचर्चित विक्रांत मर्डर केस के मुख्य आरोपी स्वदेश कुमार सिंह उर्फ बंटी ठाकुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार, बीती 26 जून 2026 को हरिमंदिर गली, मेन बाजार रुद्रपुर निवासी श्रीमती कंचन पत्नी विकास ने थाना किच्छा में अपने पुत्र विक्रांत की हत्या के संबंध में तहरीर दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बंटी ठाकुर व अन्य के खिलाफ के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 191(3), 190, और 191(2) में मुकदमा दर्ज किया था। एसएसपी के निर्देशों पर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक किच्छा के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया था। पुलिस 06 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
मुख्य आरोपी स्वदेश कुमार सिंह उर्फ बंटी ठाकुर निवासी ग्राम सैजनी (थाना कोतवाली रुद्रपुर) रुद्रपुर के चीमा अस्पताल में उपचाराधीन था। 02 जुलाई को अस्पताल से डिस्चार्ज होते ही किच्छा पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। गहन पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 7.65MM की एक अदद पिस्टल बरामद की गई। हथियार बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 3/25 आयुध अधिनियम की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी को रिमांड के लिए माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम में रवि कुमार सैनी प्रभारी निरीक्षक, वरिष्ठ उप-निरीक्षक अनुराग सिंह, उप-निरीक्षक बसंत प्रसाद, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार, राकेश काण्डपाल, त्रिलोक सिंह शामिल रहे।

