पति, पत्नी और प्रेमी… तीनों एक छत के नीचे रहेंगे!

– सीतापुर में रिश्तों का हैरान करने वाला मामला

न्यूज एंड नॉक डेस्क

सीतापुर। यूपी के सीतापुर जिले में रिश्तों का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस से लेकर इलाके के लोगों तक को हैरान कर दिया। महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र में एक महिला अपने पति के साथ-साथ प्रेमी के साथ भी रहना चाहती है। हैरानी की बात यह है कि महिला के पति को भी इस रिश्ते पर आपत्ति नहीं है।

जानकारी के मुताबिक महिला का किसी दूसरे युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब पति को इसकी जानकारी हुई तो उसने पत्नी का विरोध करने के बजाय उसके प्रेमी को स्वीकार कर लिया। महिला का कहना है कि वह पति और प्रेमी दोनों के साथ एक ही छत के नीचे रहना चाहती है। दंपती के दो बच्चे भी हैं और उनके साथ रहने की बात सामने आई है।

इस मामले में पेंच तब फंसा जब परिवार के दूसरे सदस्यों ने इस व्यवस्था का विरोध शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने के बाद मामला महमूदाबाद कोतवाली पहुंचा। पुलिस ने पति, पत्नी और प्रेमी समेत संबंधित पक्षों को बैठाकर समझाने की कोशिश की, लेकिन तत्काल कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका।

सबसे दिलचस्प बात पति का रुख रहा। बताया जा रहा कि वह पत्नी और उसके प्रेमी दोनों के साथ रहने को तैयार है। वहीं परिवार के अन्य सदस्य इस रिश्ते के खिलाफ हैं। पुलिस का कहना है कि किसी वयस्क व्यक्ति को जबरन कहीं भेजने का अधिकार पुलिस के पास नहीं है। मामले में संबंधित पक्षों की स्थिति और सहमति के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल यह मामला सीतापुर में चर्चा का विषय बना हुआ है। पति-पत्नी और प्रेमी के इस असामान्य रिश्ते का अंतिम रूप क्या होगा, यह परिवार और संबंधित पक्षों के अगले फैसले पर निर्भर करेगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement