नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाई, आपत्तिजनक वीडियो बनाया… फिर लाखों की वसूली

– वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने वाले गिरोह का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो 

काशीपुर। आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देते हुए लाखों रुपये ऐंठने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी राजेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पीड़ित से वसूली गई रकम में से एक लाख रुपये नकद और कार बरामद की है। पुलिस के मुताबिक गिरोह ने पीड़ित को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाया और बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया।

पुलिस के अनुसार कुंडेश्वरी निवासी सर्वेश कुमार ने 10 अगस्त 2026 को कोतवाली काशीपुर में तहरीर दी थी। आरोप था कि आरोपियों ने तमंचे के बल पर उसके साथ मारपीट की और रुपये वसूलने के साथ जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान षड्यंत्र के तहत उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया और उसे वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल किया गया।

पुलिस ने धारा 115(2), 308(5) और 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। 12 सितंबर को सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी राजेंद्र कुमार निवासी बैराज कॉलोनी, शक्तिनगर, बिजनौर को प्रतापपुर बैरियर के पास रामनगर रोड से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से पीड़ित से वसूली गई रकम में से एक लाख रुपये नकद और कार बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ काशीपुर और आईटीआई थाने में धोखाधड़ी व जाली दस्तावेजों सहित अन्य धाराओं में पूर्व में दो मुकदमे दर्ज हैं।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाया था। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे रकम वसूली गई। पुलिस अब इस गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों के मुताबिक उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

 

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement