– भाजयुमो प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा
– काशीपुर के सह प्रभारी का भी संभाल रहे दायित्व
न्यूज एंड नॉक डेस्क
रुद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति और प्रदेश मोर्चा प्रभारी आदित्य चौहान से परामर्श के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष विपुल मंडोली ने प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों के नामों की घोषणा कर दी है। संगठन को मजबूती देने और आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए उत्तरकाशी से लेकर ऊधम सिंह नगर तक के युवाओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ऊधमसिंहनगर जिले से प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के रूप में नीलकंठ राणा, मयंक अग्रवाल और जितेंद्र चौहान को शामिल किया गया है। वहीं, काशीपुर से बिट्टू सिंह, अंकित शर्मा और प्राशीष बिश्नोई को कार्यकारिणी में जगह दी गई है।
काशीपुर जिले के सह प्रभारी भी हैं नीलकंठ राणा
नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नीलकंठ राणा के पास वर्तमान में काशीपुर जिले के सह प्रभारी की भी जिम्मेदारी है, जिसके तहत काशीपुर, जसपुर, गदरपुर और बाजपुर विधानसभा क्षेत्र आते हैं। नया दायित्व मिलने पर नीलकंठ राणा ने पार्टी नेतृत्व और संगठन का आभार जताया। उन्होंने कहा, “आगामी विधानसभा चुनाव में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रहने वाली है। पूरे जनपद में भ्रमण कर युवाओं को भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीति से जोड़ा जाएगा और प्रदेश व केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। राणा समेत सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को दायित्व मिलने पर जिले के वरिष्ठ भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शुभकामनाएं देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।




