– चंडोक बोले: विरोध मुद्दों पर हो, दिवंगत परिजनों और आस्था पर नहीं
– राजनीतिक असहमति को व्यक्तिगत कटुता में न बदला जाए
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वर्गीय पिता के श्राद्ध को लेकर की गई कथित टिप्पणी और मोहम्मद दीपक की गिरफ्तारी के मुद्दे पर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। रविवार को भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक ने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन दिवंगत परिजनों और धार्मिक आस्थाओं को राजनीतिक विवाद का हिस्सा बनाना उचित नहीं है।
चंडोक ने कहा कि श्राद्ध सनातन परंपरा में दिवंगत पूर्वजों के प्रति श्रद्धा, स्मरण और तर्पण का पवित्र संस्कार है। ऐसे धार्मिक संस्कार को लेकर टिप्पणी करना केवल राजनीतिक मर्यादा का सवाल नहीं, बल्कि आस्था और सामाजिक संवेदनशीलता से भी जुड़ा विषय है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि राजनीतिक विरोध के नाम पर परिवार और सनातन परंपराओं को निशाना बनाने की जरूरत क्यों पड़ रही है।
उन्होंने कांग्रेस के ‘मोहब्बत की दुकान’ वाले राजनीतिक संदेश पर भी निशाना साधा। चंडोक ने कहा कि राजनीतिक विरोधियों के परिवार और परिजनों को लेकर की जाने वाली टिप्पणियां कांग्रेस के इस दावे पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक असहमति को व्यक्तिगत कटुता में बदलने के बजाय मुद्दों और नीतियों पर बहस होनी चाहिए।
मोहम्मद दीपक की गिरफ्तारी पर भी कांग्रेस को घेरा
चंडोक ने मोहम्मद दीपक की गिरफ्तारी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि व्यापारी से मारपीट, गाली-गलौज और धमकी के आरोपों में कार्रवाई हुई है। ऐसे में कांग्रेस की ओर से पीड़ित व्यापारी से मुलाकात कर उसका पक्ष जानने के बजाय मोहम्मद दीपक के प्रति दिखाई गई राजनीतिक सक्रियता पर सवाल उठते हैं। उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि क्या कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में राजनीतिक संबंधों के आधार पर अलग-अलग रवैया अपनाया जा रहा है। चंडोक ने कहा कि यदि कांग्रेस नेता मोहम्मद दीपक से मुलाकात कर सकते हैं तो कथित रूप से प्रभावित व्यापारी से मिलने के लिए भी नेताओं को आगे आना चाहिए था।
—
गुंडा और गुंडागर्दी की परिभाषा पर सवाल
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कांग्रेस से यह भी पूछा कि वह ‘गुंडा’ और ‘गुंडागर्दी’ की परिभाषा किस आधार पर तय करती है। उन्होंने वर्ष 2017 में कांग्रेस के एक नेता द्वारा तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत को लेकर की गई कथित टिप्पणी का हवाला देते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में राजनीतिक दलों को भाषा की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर की गई टिप्पणी और मोहम्मद दीपक के साथ उनकी सार्वजनिक निकटता का भी उल्लेख किया और कांग्रेस से अपना पक्ष स्पष्ट करने को कहा।
—
राजनीतिक संघर्ष मुद्दों पर हो
चंडोक ने कहा कि भाजपा की राजनीति ‘सेवा, सुशासन और संस्कार’ के मूल भाव पर आधारित है। राजनीतिक संघर्ष मुद्दों पर होना चाहिए, व्यक्तिगत हमलों पर नहीं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक बहस तथ्यों और मर्यादा के साथ आगे बढ़नी चाहिए तथा उत्तराखंड की सामाजिक परंपरा भी राजनीतिक मतभेदों के बावजूद आपसी सम्मान बनाए रखने की रही है।पत्रकार वार्ता में जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला मीडिया संयोजक विजय तोमर, जिला मंत्री प्रमोद मित्तल, कार्यालय प्रभारी मोर सिंह और सह प्रभारी सुरेंद्र चौधरी मौजूद रहे।




