– विवेक दीप सिंह ने बताया गौरव का क्षण
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
देहरादून। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समर्पित कार्यकर्ता दिनेश आर्य को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता जताई है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक दीप सिंह ने पार्टी नेतृत्व के निर्णय का स्वागत करते हुए दिनेश आर्य को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
विधानसभा परिसर देहरादून में दिनेश आर्य के नामांकन के अवसर पर विवेक दीप सिंह ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से संगठन और पार्टी की विचारधारा के लिए निष्ठापूर्वक कार्य कर रहे दिनेश आर्य को राज्यसभा का प्रत्याशी बनाया जाना प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के लिए गौरव का विषय है। विवेक दीप सिंह ने कहा कि दिनेश आर्य दलित समाज से आते हैं और उन्होंने संगठन के लिए लंबे समय तक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाई है। भाजपा ने उन्हें राज्यसभा प्रत्याशी बनाकर कार्यकर्ताओं के सम्मान की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी निष्ठा, समर्पण और निरंतर संगठन सेवा के दम पर महत्वपूर्ण दायित्व तक पहुंच सकता है। दिनेश आर्य को देश के उच्च सदन में प्रतिनिधित्व का अवसर मिलना प्रदेशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए खुशी और गौरव का विषय है।
विवेक दीप सिंह ने दिनेश आर्य के सफल नामांकन और उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करते हुए उन्हें पुनः शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष लवी सहगल, अक्षय अरोड़ा, भाजपा जिला मंत्री समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




