– वन गुर्जर-सपेरा-बंगाली समुदाय के उत्थान का भी उठाया मुद्दा
– डॉ. सुरेश गंगवार ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। किच्छा और सितारगंज क्षेत्र में निराश्रित पशुओं की समस्या के समाधान से लेकर वंचित समुदायों की आजीविका मजबूत करने तक के मुद्दे उठाए गए हैं। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के तहत केंद्रीय सलाहकार समिति के सदस्य डॉ. सुरेश गंगवार ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर किच्छा तहसील के गाधाफार्म के आसपास भव्य गोशाला बनाने और क्षेत्र के वन गुर्जर, सपेरा व बंगाली समुदाय के आर्थिक उत्थान के लिए योजनाएं शुरू करने की मांग की है।
डॉ. गंगवार ने 15 अक्टूबर को भेजे पत्र में खटीमा के हल्दीघेरा में गोशाला निर्माण की पहल का उल्लेख करते हुए किच्छा और सितारगंज विधानसभा क्षेत्रों में भी ऐसी व्यवस्था विकसित करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सड़कों के किनारे निराश्रित पशुओं के बैठे रहने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इससे राहगीरों के साथ पशुओं की जान भी जोखिम में पड़ती है। उन्होंने क्षेत्रीय जनता की मांग का हवाला देते हुए किच्छा तहसील के गाधाफार्म के आसपास उपलब्ध सरकारी भूमि पर भव्य गोशाला का निर्माण कराने का अनुरोध किया है।
डॉ. गंगवार ने एक अन्य पत्र के माध्यम से विभिन्न समुदायों की आजीविका बेहतर बनाने के लिए सरकार को सुझाव दिए हैं। उन्होंने सितारगंज क्षेत्र के जंगलों में रहने वाले वन गुर्जर परिवारों को प्रति परिवार 10-10 दुधारू पशु उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही पशुओं के उपचार के लिए पशुपालन विभाग की एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया है। ग्राम बरा में रहने वाले सपेरा समुदाय की स्थिति का उल्लेख करते हुए उन्होंने प्रति परिवार दो-दो दुधारू पशु उपलब्ध कराने का सुझाव दिया है। पत्र में कहा गया है कि समुदाय के लोगों को आजीविका के बेहतर विकल्प मुहैया कराने की जरूरत है, ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
बंगाली समुदाय को पशुपालन के लिए मिले प्रोत्साहन
शक्तिफार्म क्षेत्र के बंगाली समुदाय की आजीविका का उल्लेख करते हुए डॉ. गंगवार ने मत्स्य पालन के साथ बकरी पालन, सुअर पालन और मुर्गी पालन को बढ़ावा देने की मांग की है। इसके लिए सरकारी सहायता और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने का सुझाव दिया गया है, जिससे समुदाय के परिवारों के लिए आय के अतिरिक्त साधन विकसित हो सकें। डॉ. गंगवार ने किच्छा और सितारगंज विधानसभा क्षेत्रों में पिछड़ा वर्ग और सामान्य वर्ग के गरीब परिवारों को भी बकरा एवं मुर्गी पालन के लिए विशेष प्रोत्साहन देने का आग्रह किया है। उन्होंने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के गरीब परिवारों की तर्ज पर इन वर्गों के जरूरतमंद परिवारों को भी योजनाओं का लाभ देने का सुझाव दिया है।
डॉ. गंगवार ने उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री इन प्रस्तावों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देंगे।




