तंत्र-मंत्र के नाम पर वन्यजीवों के अंगों का कारोबार

– जसपुर में 114 जोड़े हत्था जोड़ी बरामद, इंस्टाग्राम से भी हो रही थी बिक्री

– हरिद्वार के व्यक्ति से 400-500 रुपये में खरीदकर 4 से 5 हजार रुपये में बेचने का दावा

– जंगली सूअर का दांत और पांच मोती शंख भी मिले

न्यूज़ एंड नॉक ब्यूरो 

जसपुर। धन प्राप्ति और तंत्र-मंत्र के नाम पर वन्यजीवों के अंगों की कथित खरीद-फरोख्त का मामला सामने आया है। पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 114 जोड़े हत्था जोड़ी, जंगली सूअर का एक दांत और पांच मोती शंख बरामद किए हैं। वन विभाग की टीम ने बरामद सामग्री की पहचान संरक्षित वन्यजीवों से संबंधित सामग्री के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी इंस्टाग्राम के जरिए भी इनकी ऑनलाइन बिक्री करता था।

जसपुर पुलिस और एसओजी काशीपुर की संयुक्त टीम कस्बे में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि राजपूत सभा भवन के गेट के पास एक व्यक्ति वन्यजीवों के अंग बेच रहा है। टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को तीन प्लास्टिक के डिब्बों के साथ पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान आकाश दीक्षित (32) निवासी बदायूं, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। वह वर्तमान में जसपुर के वार्ड नंबर चार में रह रहा था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह हरिद्वार निवासी अमन से हत्था जोड़ी के एक जोड़े को 400 से 500 रुपये में खरीदता था। इसके बाद धन प्राप्ति, तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के नाम पर लोगों को यही जोड़ा चार से पांच हजार रुपये में बेचता था। पुलिस का दावा है कि आरोपी अपनी इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से भी इनकी बिक्री करता था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बड़े प्लास्टिक के डिब्बे में 114 जोड़े हत्था जोड़ी, एक छोटे डिब्बे में जंगली सूअर का एक दांत और एक अन्य डिब्बे में पांच मोती शंख बरामद किए। इसके अलावा एक वीवो मोबाइल फोन भी मिला है।

जसपुर दक्षिणी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी अनुस्वार टम्टा और उनकी टीम ने बरामद सामग्री की जांच की। पुलिस के अनुसार, वन विभाग ने इसे वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के तहत संरक्षित प्रजातियों से संबंधित सामग्री बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली जसपुर में वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा 9, 39, 49ए, 50 और 51 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बसंत प्रसाद, कांस्टेबल वीरेंद्र दत्त और एसओजी प्रभारी सुनील सुतेड़ी समेत एसओजी काशीपुर के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। वन विभाग की ओर से वन क्षेत्राधिकारी अनुस्वार टम्टा, वन दरोगा हरीश चंद्र सिंह नयाल और अन्य कर्मचारी भी कार्रवाई में शामिल रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement