कार्तिक हत्याकांड: सिमरनजीत सिंह हुआ गिरफ्तार

घटना में प्रयुक्त 315 बोर की लाइसेंसी रायफल की  बरामद

जमीनी विवाद में हुई फायरिंग में युवक की हुई थी मौत

न्यूज एंड नॉक संवाददाता, रुद्रपुर। फाजलपुर महरोला में जमीनी विवाद में हुई फायरिंग में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी असलहा भी बरामद किया है।

रविवार को जमीन जोतने के विवाद में फाजलपुर मेहरौला में दो पक्षों में फायरिंग हुई थी। इसमें एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई थी। मृतक की पहचान कार्तिक पोद्दार निवासी विरंची, थाना मानपुर, जिला पश्चिम चंपारण (बिहार) के रूप में हुई थी। इस मामले में मृतक के ममेरे भाई के अलावा दरोगा की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया था।

 

पुलिस जांच में सामने आया कि उक्त भूमि को लेकर रम्पुरा निवासी कश्मीर सिंह एवं बगवाड़ा निवासी सिमरनजीत सिंह के मध्य लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। इसमें पूर्व में पुलिस ने धारा 126/135 BNSS के तहत भी कार्रवाई की गई थी।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीम ने अभियुक्त सिमरनदीप सिंह निवासी मजार के सामने, बगवाड़ा, थाना रुद्रपुर को सोमवार को बंसल धर्मकांटा के सामने से गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने जमीनी विवाद के चलते फायरिंग की घटना को स्वीकार किया। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अभियुक्त का लाइसेंसी 315 बोर का शस्त्र प्रीत विहार क्षेत्र की झाड़ियों से बरामद किया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement