बिल्डर पर दर्ज कराया मुकदमा, जांच शुरू
न्यूज एंड नॉक संवाददाता, रुद्रपुर। एक बिल्डर पर प्लॉट बेचने के नाम पर सिपाही के रूपये हड़पने का आरोप लगा है। पुलिस ने सिपाही की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस लाइन में तैनात सिपाही नईम खान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने वर्ष 2023 में किच्छा रोड स्थित डायनामिक कॉलोनी में अपने दोस्त पंतनगर विवि निवासी मोहम्मद यार खान के साथ मिलकर 200 गज का प्लाट खरीदा था। बिल्डर सुधीर गुलाटी और मनीष अग्रवाल ने कॉलोनी को रेरा स्वीकृत होने की बात कही थी। उसने बिल्डर को 28.11 लाख रुपये का भुगतान कर दिया था और किसी कारणवश उस वक्त प्लाट की रजिस्ट्री नहीं करा पाया था।
बिल्डर ने आश्वासन दिया था कि यदि मार्च 2025 तक रजिस्ट्री नहीं करवा पाया तो खरीद का दोगुना वापस कर दूंगा। प्लाट रजिस्ट्री की खातिर उसने पुश्तैनी जमीन बेच दी थी और आरटीजीएस, फोन पे के अलावा 12.61 लाख का भुगतान नगद दिया था। भुगतान के बाद बिल्डर रजिस्ट्री करने में टालमटोल करने लगा। जब रकम वापस करने का दबाव बनाया तो वह रकम देने से इंकार कर रहा है। आरोप था कि बिल्डर ने उसके साथ धोखाधड़ी की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

