पुलिस ने तीन अभियुक्तों को किया गिरफ्तार
न्यूज एंड नॉक संवाददाता, रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में सोमवार को मृत मिले पप्पू वर्मा की हत्या की गई थी। चोरी के शक में उसे तीन अभियुक्तों में डंडों से पीट – पीटकर मारा था। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
सोमवार की सुबह ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में हनुमान मंदिर ढाल के पास एक व्यक्ति का शव नग्न हालत में मिला था।उसकी पहचान ग्राम मर्थुवा, सरैय्या, थाना महाराजा गंज, यूपी और हाल निवासी आजादनगर वार्ड तीन पप्पू वर्मा (42) के रूप में हुई थी। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान थे।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने मौत को संदिग्ध मानकर जांच शुरू करते हुए घटनास्थल के आसपास के फुटेज खंगाले थे। इसमें तीन संदिग्ध युवक दिखे थे। पुलिस ने तीनों को पकड़कर सख्ती से पूछताछ की तो मामला खुल गया। आरोपियों ने बताया कि रविवार की रात पप्पू गोदाम में घुसा था। इस पर उन्होंने चोरी के शक में डंडे से उसकी पिटाई कर दी थी। इसमें उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने आरोपी मूलरूप से ग्राम डौमेला, थाना मिर्जामुराद, वाराणसी व हाल हनुमान ढाल, शिमला बहादुर, ट्रांजिट कैंप निवासी योगेश पांडे, ग्राम सैमरी, थाना कछुवा बाजार, मिर्जापुर व हाल हनुमान ढाल, शिमला बहादुर, ट्रांजिट कैंप निवासी सुजीत सरोज व ग्राम माधो सिंह, थाना औराई, मिर्जापुर व हाल हनुमान ढाल, शिमला बहादुर, ट्रांजिट कैंप निवासी अबू तालीब को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

