


पुलिस ने तीन शातिर चोरों को किया गिरफ्तार
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
बाजपुर। पुलिस ने एक ज्वैलरी शॉप में हुई 34 लाख रुपये की बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शत-प्रतिशत आभूषण, नकदी और घटना में प्रयुक्त ऑटो भी बरामद कर लिया है। एसएसपी ने कामयाबी हासिल करने वाली पुलिस टीम के लिए 5,000 रुपये के इनाम की घोषणा की है।
बीती नौ जुलाई को ओम ज्वैलर्स के स्वामी ओमकार वर्मा (निवासी मझरा बक्श, बाजपुर ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि आठ जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान का ताला और शटर तोड़कर करीब दो लाख रुपये नकद, भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर और पुलिस से बचने के लिए सीसीटीवी का एनवीआर व टीवी चोरी कर लिया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि एसपी काशीपुर और क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीम ने क्षेत्र के 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मैनुअल सर्विलांस और सुरागरसी की। रविवार की रात पुलिस ने किशनपुर-मौलागढ़ बॉर्डर से घेराबंदी कर तीनों अभियुक्तों को घटना में इस्तेमाल किए गए ऑटो के साथ दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों में आजम, इस्लाम और करमरूद्दीन शामिल हैं, जो मूल रूप से नरपत नगर, थाना स्वार, जिला रामपुर, उ.प्र. के रहने वाले हैं। पूछताछ में उन्होंने सीसीटीवी के तार काटकर चोरी की बात कबूल की। पुलिस ने उनके कब्जे से 82.74 ग्राम सोने के आभूषण, 10.666 किलोग्राम चांदी के आभूषण, 39,500 की नकदी और घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया।
एसएसपी ने कहा कि जनपद में चोरी, लूट और संगठित अपराध करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी विश्लेषण और प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से अपराधियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाया जाएगा। आम जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

