चालक की अपनी ही बस के नीचे दबने से दर्दनाक मौत, 34 यात्री सुरक्षित

ब्रेक फेल होने पर चालक ने दिखाई सूझबूझ, अपनी ही नहीं बचा सका जान

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

लोहाघाट। लोहाघाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। धारचूला से टनकपुर की ओर आ रही टनकपुर डिपो की एक रोडवेज बस मरोड़ाखान-रायकोट के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में बस चालक की अपनी ही बस के पहिए के नीचे दबने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बस में सवार सभी 34 यात्री बाल-बाल बच गए।

जानकारी के अनुसार, हादसा तकनीकी खराबी के कारण होना बताया जा रहा है। बस के परिचालक (कंडक्टर) किशन और उसमें सवार यात्रियों ने बताया कि जैसे ही बस लोहाघाट के मंदिर के पास एक तीखे मोड़ पर पहुंची, अचानक उसके ब्रेक या स्टीयरिंग ने काम करना बंद कर दिया। इस दौरान दुर्घटना को टालने और यात्रियों की जान बचाने के प्रयास में चालक बेनीराम भट्ट निवासी बड़ोली, चंपावत ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को पहाड़ी की तरफ टकरा दिया। लेकिन इसी दौरान चालक की साइड का दरवाजा अचानक खुल गया और वह असंतुलित होकर सीट से सीधे सड़क किनारे बनी नाली में जा गिरे। अनियंत्रित बस का भारी पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही लोहाघाट के थानाध्यक्ष अशोक कुमार और तहसीलदार मोहीउद्दीन पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। दुर्घटनास्थल पर फंसी बस को जेसीबी मशीन की मदद से हटाया गया, जिसके बाद चालक के शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी 34 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement