पंतनगर एयरपोर्ट से पवन हंस हेली सेवा शुरू

विधायक शिव अरोड़ा ने दिखाई हरी झंडी, पर्यटन और कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार

न्यूज एंड नॉक डेस्क, पंतनगर। कुमाऊं क्षेत्र में हवाई सेवाओं के विस्तार की दिशा में बुधवार को एक बड़ा कदम उठाया गया। विधायक शिव अरोड़ा और जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने पंतनगर एयरपोर्ट पर पवन हंस की हेली सेवा का फ्लैग दिखाकर विधिवत शुभारंभ किया।

बुधवार को हुए कार्यक्रम में विधायक अरोड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विकसित उत्तराखंड के संकल्प के तहत प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है। पंतनगर से शुरू हुई यह सेवा देहरादून, अल्मोड़ा और नैनीताल के लिए बेहतर विकल्प प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि रुद्रपुर क्षेत्र राज्य की औद्योगिक राजधानी है। सड़कों का जाल बिछाने के साथ-साथ अब हवाई सेवाओं का विस्तार यहां के उद्योगों और पर्यटन के लिए बेहद कारगर सिद्ध होगा। विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों को पंतनगर से जोड़ने के लिए यह हेली सेवा 12 महीने पर्यटकों की राह आसान करेगी।

पंतनगर एयरपोर्ट का होगा अंतरराष्ट्रीय विस्तार

विधायक ने बताया कि पंतनगर एयरपोर्ट को इंटरनेशनल लेवल पर विकसित करने का काम तेज गति से चल रहा है। पहले चरण में बाउंड्री वॉल का काम जारी है और जल्द ही नए रनवे और भव्य टर्मिनल बिल्डिंग का निर्माण शुरू होगा। इससे न केवल घरेलू बल्कि भविष्य में अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाएं भी यहाँ से संचालित हो सकेंगी। इस दौरान सीडीओ दिवेश शसानी, एयरपोर्ट डायरेक्टर पवन कुमार, सिविल इंचार्ज अनुज गुप्ता, ऑपरेशन इंचार्ज नीरज सैनी, स्टेशन इंचार्ज आलिया हैदर और मार्केटिंग मैनेजर वीसी तिवारी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement