बैलपड़ाव में रफ्तार का कहर, दो महिलाओं की मौत

घास लेने जा रही थी दोनों महिलाएं

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रामनगर। बैलपड़ाव में तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे पैदल जा रही दो महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी।  हादसे में दोनों महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पत्तापानी निवासी दो महिलाएं सोमवार को घास लेने के लिए पैदल जा रही थीं। इसी दौरान बैलपड़ाव क्षेत्र में एक अनियंत्रित कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिलाओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुँचकर पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं।मृतकों की पहचान कमला देवी (55 वर्ष) पत्नी शिवराज सिंह, निवासी पत्तापानी, बैलपड़ाव और पुष्पा देवी (55 वर्ष) पत्नी केवलानंद भट्ट, निवासी पत्तापानी, बैलपड़ाव के रूप में हुई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुँची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटनास्थल से लावारिस हालत में खड़ी कार को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement