चूहे मारने की दवा पीकर कमरे में अचेत पड़ा था युवक, दरवाजा तोड़कर पुलिस ने निकाला
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, बाजपुर। घरेलू कलह के चलते किराए के कमरे में युवक कीटनाशक पीकर अचेत पड़ा रहा। मकान मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के बाद वह ठीक हो गया। उसने पुलिस का आभार जताया है। पुलिस के मानवीय चेहरे की तारीफ हो रही है।
बृहस्पतिवार को ग्राम टांडा बंजारा, सुल्तानपुरपट्टी निवासी रजनी ने सुल्तानपुरपट्टी चौकी में सूचना दी कि उनके मकान में संजय सैनी निवासी टांडा बादली, थाना टांडा बादली, रामपुर किरायेदार है। वह 2–3 दिनों से रह रहा था। वह सुबह से अपने कमरे से बाहर नहीं आया और दरवाजा खटखटाने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहा था।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सुल्तानपुरपट्टी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब न मिलने पर पुलिस ने दरवाजा तोड़ दिया। कमरे में संजय सैनी बिस्तर पर बेसुध अवस्था में पड़ा था। नब्ज जांचने पर उसकी नब्ज बेहद धीमी पाई गई।
इस पर चौकी प्रभारी ने उसे तत्काल सीपीआर दिया और उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को होश आ गया।
होश में आने पर युवक ने बताया कि घरेलू कलह से परेशान होकर उसने सुबह चूहे मारने वाली दवा का सेवन कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने युवक की मौके पर काउंसलिंग की और भविष्य में ऐसा कदम न उठाने की सख्त हिदायत दी गई।उसकी स्थिति सामान्य होने पर युवक को उसके परिचित एवं मकान मालकिन रजनी के साथ सुरक्षित उसके घर भेज दिया गया।

