


ऑपरेशन प्रहार के तहत केलाखेड़ा पुलिस की बड़ी कामयाबी
न्यूज एंड नॉक संवाददाता
केलाखेड़ा। पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत 36 घंटे के भीतर लूट की घटना का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटे गए 2 तोले सोने के कुंडल सहित घटना में प्रयुक्त सामग्री बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मजरा रहमतुल्ला निवासी निशान सिंह पुत्र रांझा राम ने थाना केलाखेड़ा में तहरीर देकर बताया था कि 17 जुलाई की सुबह उनकी माताजी (जो पैरालिसिस से ग्रस्त हैं और बोलने में असमर्थ हैं) घर के पास वॉक पर निकली थीं। इसी दौरान एक अज्ञात बदमाश ने सुनसान रास्ते का फायदा उठाकर उन पर हमला कर दिया और कानों से करीब 2 तोला सोने के कुंडल बलपूर्वक छीनकर उन्हें खेत में फेंक कर फरार हो गया। पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के आदेश पर एसपी काशीपुर व क्षेत्राधिकारी बाजपुर के मार्गदर्शन में थानाध्यक्ष मनीष खत्री के नेतृत्व में तीन अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया।
रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बोर नदी पुल के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध को दबोच लिया। जामा तलाशी में उसकी पैंट की जेब से एक जोड़ी सोने के कुंडल, 380 रुपये नगद और एक ओप्पो मोबाइल बरामद हुआ। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान रामस्वरुप पुत्र रामदीन (35) निवासी चन्दनपुरा, डाम वाली गली, थाना केलाखेड़ा के रूप में हुई। आरोपी ने कुबूल किया कि वह गदरपुर की एक राइस मिल में बॉयलर ऑपरेटर है। नाइट ड्यूटी से लौटते समय वह अक्सर पीड़ित बुजुर्ग महिला को पैरालिसिस के कारण लाठी के सहारे अकेले टहलते देखता था। उसे लगा कि महिला बोल नहीं सकती, इसलिए वह किसी को बता नहीं पाएगी। वह इन कुंडलों को रामपुर ले जाकर बेचने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने पहले ही उसे दबोच लिया। वादी निशान सिंह ने बरामद कुंडलों की पहचान अपनी मां के गहनों के रूप में की है।
टीम में थानाध्यक्ष मनीष खत्री, चौकी प्रभारी बैरियादौलत मनोज जलाल, उ.नि. हरीश महर, उ.नि. ललित चौधरी, अपर उ.नि. मोहित कुमार, हेम चन्द्र, मुकेश चन्द्र, हे.कानि. मनोज सिंह बिष्ट, कानि. उमेश शाह, सचिन कुमार, चन्द्र शेखर कम्बोज और नगेन्द्र राठी शामिल रहे।

