फैक्ट्री में डकैती की साजिश और भैंस चोरी का पर्दाफाश

पुलिस ने सात आरोपियों को किया गिरफ्तार

न्यूज एंड नॉक संवाददाता

सितारगंज। पुलिस ने दो अलग-अलग सनसनीखेज मामलों का पर्दाफाश करते हुए कुल 7 शातिर अभियुक्तों को दबोच लिया। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

सिडकुल क्षेत्र स्थित के.आर.ई. इंजीनियरिंग कंपनी के पास खंडहर में तब्दील पड़ी बंद फैक्ट्री में उस वक्त हड़कंप मच गया जब पुलिस ने घेराबंदी कर 4 बदमाशों को रंगे हाथों धर दबोचा। पकड़े गए शातिर बंद पड़ी फैक्ट्री में रात के अंधेरे में बड़ी चोरी की योजना बना रहे थे। पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाशी ली तो उनके पास से 2 धारदार रामपुरी चाकू, 2 आलानकब (ताला तोड़ने का औजार), टॉर्च और चाबियों का गुच्छा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों में शक्तिफार्म निवासी गोपाल विश्वास, टोनी मंडल, मंतोष मंडल और निमई विश्वास शामिल हैं। पुलिस ने चारों के खिलाफ धारा 313 BNS और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

वहीं दूसरे मामले में पुलिस ने चौमेला निवासी जलीस अहमद की चोरी हुई भैंस को बरामद करते हुए 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी की भैंस को छोटा हाथी में लादकर भागने की फिराक में थे, जिन्हें नकुलिया-सितारगंज रोड पर घेराबंदी कर दबोच लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि दानिश कुरैशी नामक शख्स ने लालच देकर यह चोरी करवाई थी, जो फिलहाल फरार है। पुलिस ने मौके से अयान अली, साजिम और अयान को गिरफ्तार कर चोरी की भैंस व वाहन जब्त कर लिया है।

प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा के नेतृत्व में उ.नि. जगदीश चंद्र तिवारी, सुरेन्द्र सिंह दानू, कुन्दन सिंह, राजेन्द्र सिंह और कमल गहतोड़ी की टीम ने इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement