मुख्यमंत्री धामी ने मेयर के फोन से की बेहड़ से बात
निजी अस्पताल में भर्ती, विधायक, मेयरबेहड़ और पूर्व विधायक भी हाल जानने पहुंचे
न्यूज एंड नॉक संवाददाता, रुद्रपुर। किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के बेटे और वार्ड नंबर 39 के पार्षद सौरभ राज बेहड़ पर कुछ युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। जिसके बाद घायल सौरभ को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर मेयर विकास शर्मा, विधायक शिव अरोरा और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के साथ ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे और घायल का हाल जाना। विधायक बेहड़ ने कहा कि पुलिस आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करे। इधर घायल सौरभ ने बताया कि अचानक कुछ युवक आए और उन पर हमला कर दिया।
मेयर विकास शर्मा ने मौके से ही प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से दूरभाष पर वार्ता की। मेयर ने मुख्यमंत्री को घटना की गंभीरता और शहर की कानून व्यवस्था के प्रति अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री की बात विधायक तिलकराज बेहड़ से भी कराई। मुख्यमंत्री ने इस कायराना हमले पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए आश्वस्त किया कि शासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
मामला रविवार की शाम का बताया जा रहा है। पार्षद सौरभ किसी पंचायत के सिलसिले में ट्रांजिट कैम्प थाने जा रहे थे। आवास विकास क्षेत्र में कुछ युवकों ने उनको रोका और मारपीट की और फरार हो गए। घायल सौरभ को नैनीताल रोड स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। बेटे पर हमले की सूचना पर विधायक बेहड़ भी अस्पताल पहुंचे। इसके बाद वहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ ही अन्य दलों के नेता और कार्यकर्ता पहुंच गए। मेयर विकास शर्मा ने घटना की निंदा की और हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की। विधायक शिव अरोरा और पूर्व विधायक ठुकराल ने भी घटना की दुर्भाग्यपूर्ण बताया। कहा कि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए।
इधर घटना के बाद सीओ प्रशान्त कुमार और एसएचओ ट्रांजिट कैंप मोहन पांडे ने घटना स्थल का मुआयना किया और अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। कहा कि हमलावरों को चिह्नित करने की कार्यवाही की जा रही है।
मेयर विकास शर्मा ने दी जानकारी

