रुद्रपुर में बच्चों के विवाद में पड़ोसियों के बीच खूनी संघर्ष

दोनों पक्षों ने दर्ज कराई रिपोर्ट, पुलिस जांच में जुटी

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। रम्पुरा चौकी क्षेत्र की खेड़ा कॉलोनी में पड़ोसियों के बीच मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान मारपीट की गई। दोनों पक्षों की महिलाओं ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।  पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक पक्ष की ओर से प्रियंका पत्नी सुभाष ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 28 नवंबर को बच्चों के विवाद को लेकर पड़ोसी काजल और उसके पति राहुल ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि जब उनके भाई और पति सुभाष बीच-बचाव करने आए, तो राहुल और उसकी साली राखी ने उनके साथ भी मारपीट की। आरोपी रास्ते में रोककर उनके साथ छेड़छाड़ और गाली-गलौज करते हैं।उनके पति ड्राइवर हैं और अक्सर बाहर रहते हैं, जिससे उन्हें और उनके छोटे बेटे को जान का खतरा बना हुआ है।

दूसरा पक्ष की काजल का आरोप है कि विवाद की रात प्रियंका, उनके पति सुभाष और अन्य परिजनों (सचिन, आशीष व मोंटी) ने उनके घर में घुसकर गाली-गलौज की। जब उनके पति राहुल ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें डंडों और कड़ों से बुरी तरह पीटा। आरोप है कि सुभाष के हाथ में देशी कट्टा था और उन्होंने उनके 3 वर्षीय पुत्र को जान से मारने की धमकी दी। मोहल्ले वालों ने जब बचाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन्हें घर का मामला कहकर हटा दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement