


उत्तराखण्ड एसटीएफ ने की बड़ी कार्रवाई
न्यूज एंड नॉक डेस्क, किच्छा। उत्तराखण्ड एसटीएफ और पुलभट्टा पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध असलहे और एक कार बरामद की है।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि राज्य में सक्रिय गैंगस्टरों और अवैध हथियारों की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। 13 अप्रैल को सूचना मिली कि यूपी-उत्तराखण्ड बॉर्डर पर हथियारों की बड़ी खेप आने वाली है। एसटीएफ की टीम ने थाना पुलभट्टा पुलिस के साथ घेराबंदी कर महेश गंगवार निवासी बरेली और हाल निवासी किच्छा को वैगनआर कार सहित गिरफ्तार किया। उसकी कार से 06 तमंचे 315 बोर, 01 राइफल 12 बोर, 02 खोखा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में पता चला कि ये हथियार उत्तर प्रदेश की अवैध फैक्ट्रियों में तैयार किए गए थे और इनकी सप्लाई उत्तराखण्ड और यूपी के विभिन्न क्षेत्रों में की जानी थी।
इस ऑपरेशन में निरीक्षक एमपी सिंह, निरीक्षक दीवान सिंह जलाल, एसओ पुलभट्टा प्रदीप मिश्रा और उनकी टीम की मुख्य भूमिका रही। अभियुक्त के खिलाफ थाना पुलभट्टा में उचित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की पूछताछ जारी है
एसएसपी ने बताया कि उत्तराखण्ड में फायरिंग की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। इस वर्ष अब तक एसटीएफ ने 21 अवैध हथियार, 35 कारतूसों के साथ 08 शातिर हथियार तस्करों को जेल भेजा है।

