


प्रधानमंत्री से देहरादून में भेंट के बाद बोले महापौर विकास शर्मा
न्यूज एंड नॉक डेस्क, देहरादून। रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से जीटीसी हैलीपैड पर विशेष मुलाकात की। उन्होंने प्रधानमंत्री का देवभूमि आगमन पर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए 212 किलोमीटर लंबे ऐतिहासिक इकोनॉमिक कॉरिडोर की सौगात देने के लिए आभार व्यक्त किया।
मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने एक दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान 12,000 करोड़ रुपये की लागत से बने इस कॉरिडोर का लोकार्पण करने पहुँचे थे। अपने 28वें उत्तराखंड दौरे से वापस लौटते समय प्रधानमंत्री ने जीटीसी हैलीपैड पर प्रदेश के कई प्रमुख नेताओं से मुलाकात की, जिसमें महापौर विकास शर्मा भी शामिल रहे। इस दौरान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन भी उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री से मुलाकात से उत्साहित महापौर विकास शर्मा ने कहा कि दून-दिल्ली एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे केवल एक सड़क मात्र नहीं है, बल्कि यह उत्तराखंड की आर्थिक प्रगति की जीवन रेखा सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि नरेंद्र मोदी जी का उत्तराखंड से जुड़ाव बेहद गहरा है। 12 हजार करोड़ रुपये की इस विकास परियोजना से राज्य के पर्यटन और व्यापारिक क्षेत्रों को अभूतपूर्व गति मिलेगी।
2027 की जीत का आधार तय करेगा दौरा
विकास शर्मा ने विश्वास जताया कि इस कॉरिडोर से जहां दिल्ली और देहरादून का सफर मात्र 2.5 घंटे का रह जाएगा, वहीं जनता का ‘मोदी की गारंटी’ पर विश्वास और मजबूत हुआ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री का यह सफल दौरा विकास का पहिया तेज करने के साथ-साथ आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत की ठोस आधारशिला रखेगा।

