


संचालक समेत तीन गिरफ्तार, आपत्तिजनक सामान बरामद
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। जिले अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एण्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने सन सिटी कॉम्प्लेक्स स्थित कोहिनूर स्पा सेंटर पर छापेमारी कर देह व्यापार के रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से तीन पुरुषों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन महिलाओं को रेस्क्यू किया गया।
पुलिस के अनुसार, 29 अप्रैल को प्रभारी निरीक्षक एण्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट मनोहर सिंह दसौनी के नेतृत्व में टीम रुद्रपुर क्षेत्र में चेकिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आवास-विकास तिराहे के पास सन सिटी कॉम्प्लेक्स की दूसरी मंजिल पर स्थित कोहिनूर स्पा सेंटर में अनैतिक कार्य कराया जा रहा है। टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही स्पा सेंटर से कुछ लोग भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया।
इसमें हरीश साह निवासी कमलुआगांजा, हल्द्वानी (स्पा संचालक/मालिक), विकास कुमार निवासी रम्पुरा, रुद्रपुर (स्पा मैनेजर) और ओमविजय निवासी सिंह कॉलोनी, रुद्रपुर (ग्राहक) शामिल रहे। टीम ने दो मोबाइल और एक कस्टमर एंट्री रजिस्टर के साथ ही अभियुक्तों के पास से कुल 1,645 रुपये बरामद किए। पुलिस ने स्पा सेंटर के कमरों से आपत्तिजनक सामग्री बरामद किए।
पूछताछ में वहां मिली महिलाओं ने बताया कि संचालक हरीश साह और विकास कुमार अधिक कमाई का लालच देकर उनसे जबरन देह व्यापार कराते थे। वहीं, गिरफ्तार ग्राहक ओमविजय ने स्वीकार किया कि वह मसाज के बहाने अनैतिक कार्य के लिए वहां आया था। पुलिस ने सभी अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143 और अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम 1956 की धारा 3/4/5/6 के तहत मामला दर्ज किया है।

