


पुलिस के नाम पर डंपर स्वामी से महीना लेने का आरोप, ठुकराल ने खोला था मोर्चा
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो, रुद्रपुर। सत्ताधारी दल के एक पदाधिकारी पर खाकी का डर दिखाकर वसूली के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ है। 16 अप्रैल को तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की थी और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने मुकदमा दर्ज नहीं होने पर उपवास रखने की चेतावनी दी थी। अभियुक्त भाजपा विधायक शिव अरोरा का करीबी है।
जाफरपुर निवासी डंपर स्वामी राम सिंह ने भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिला महामंत्री विकास सागर के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी थी। पीड़ित राम सिंह के अनुसार, विकास सागर पिछले कई महीनों से उनके दो वाहनों को पुलिस और विभाग की पकड़ से बचाने के नाम पर 70,000 रुपये प्रति माह की फिरौती ले रहा था। आरोपी ने डंपर स्वामी को भरोसा दिया था कि ओवरलोडिंग या कागजों की कमी होने पर वह अपने प्रभाव से बिना किसी जुर्माने के गाड़ी छुड़वा देगा।
14 अप्रैल को पुलिस ने पीड़ित के वाहन का 77,500 रुपये का चालान काट दिया। जब पीड़ित ने विकास सागर से मदद मांगी, तो आरोपी ने उसे सीओ सिटी ऑफिस बुलाया। वहाँ उसने मामला सुलझाने का नाटक किया और बाद में साक्ष्य मिटाने की नीयत से पीड़ित का मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया था। पुलिस ने शिकायत की जांच की थी। राम सिंह ने इस मामले में शपथ पत्र भी दिया था।
इस मामले में मुकदमा दर्ज नहीं होने से नाराज पूर्व विधायक ठुकराल ने मोर्चा खोला था। वे एसएसपी से भी मिले थे और आंदोलन की चेतावनी दी थी। अब पुलिस के मामले में विकास सागर पर मुकदमा दर्ज किया है।

