


काम शुरू करने के बदले मांगी सात लाख की रंगदारी, दी धमकी
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। लालपुर क्षेत्र में एक कारोबारी के लोहे पर निकिल करने वाले प्लांट का ताला तोड़कर अवैध कब्जा करने और लाखों रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। दबंगों ने कारोबारी को दोबारा प्लांट पर दिखने पर जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक (क्राइम) को तहरीर देकर अपनी जान-माल की सुरक्षा और गोदाम वापस दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने पिता – पुत्र सहित तीन पर मुकदमा दर्ज किया है।
वार्ड नंबर-9 (सीर गोटिया, रुद्रपुर) निवासी शफकत खां पुत्र इश्त्याक खां ने एसपी क्राइम को दी तहरीर में बताया कि उनका एक गोदाम कच्ची खमरिया लालपुर में है। उन्होंने लोहे को निकिल करने का प्लांट लगाया हुआ है। 11 मार्च को दोपहर वह अपने प्लांट पर ताला लगाकर घर आए थे। शाम उन्हें बरेली के बहेड़ी निवासी अजहर का फोन आया था। उसने बताया कि उनके गोदाम का ताला तोड़कर कुछ लोग कब्जा कर रहे हैं।
वे जब मौके पर पहुंचे, तो वहां मौजूद कच्ची खमरिया लालपुर निवासी सलीमुल्ला, उसके बेटे रिहान और राशिद ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें देखते ही गाली-गलौच शुरू कर दी और कहा, अगर जिंदा रहना है तो दोबारा इस प्लांट पर मत आना।
दबंगों ने गोदाम में दोबारा काम शुरूnकरने की एवज में सात लाख रूपये की रंगदारी मांगी। कहा कि चरणलाख सलीमुल्ला को और तीन लाख राशिद को देने होंगे। पीड़ित के अनुसार, गोदाम के अंदर करीब 10 लाख मूल्य की मशीनें और कच्चा माल मौजूद है, जिस पर आरोपियों ने नाजायज रूप से कब्जा कर लिया है। एसपी क्राइम के निर्देश पर जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया है।

