


सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और स्मार्ट मीटर तोड़ने का आरोप
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के विवेक नगर में स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर हुए बवाल के बाद ऊर्जा निगम ने कड़ा एक्शन लिया है। जेई ने आरोप लगाया कि एक महिला और पुरुष ने भीड़ को भड़काया और महिला ने घर से डंडा लाकर सरकारी मीटर पर बरसा दिया, जिससे मीटर टूट गया। पुलिस ने मामले में सरकारी कार्य में बाधा डालने, कर्मचारियों से अभद्रता करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है।
जेई कुलदीप सिंह ने ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 मई को वह उपखंड अधिकारी (एसडीओ) श्रीमती अन्नू अरोरा, लाइन स्टाफ और कार्यदायी संस्था मैसर्स अडानी एनर्जी सोल्यूशन के कर्मचारियों के साथ विवेक नगर में भारत सरकार के राजपत्र के अनुपालन में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे थे। टीम वहां उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर के फायदे समझा रही थी। जब टीम शारदा देवी पत्नी राम किशोर, निवासी वार्ड नंबर 7, विवेक नगर के परिसर पर पहुंची, तो वहां मौजूद एक अज्ञात महिला और एक पुरुष ने जनता को भ्रामक जानकारी देकर भड़काना शुरू कर दिया। उन्होंने जबरन सरकारी काम रुकवा दिया और कर्मचारियों को गालियां दीं। इसी बीच, अज्ञात पुरुष ने महिला को घर के अंदर से एक डंडा लाकर दिया, जिसके बाद महिला ने बिजली कर्मियों को धमकी देते हुए स्थापित किए जा रहे डिजिटल/स्मार्ट मीटर पर ताबड़तोड़ डंडे बरसाकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।
जेई कुलदीप सिंह ने आरोपियों द्वारा की गई इस हरकत की वीडियोग्राफी के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे हैं, जिसमें महिला साफ तौर पर डंडे से सरकारी मीटर तोड़ती हुई दिखाई दे रही है। जेई ने सरकारी काम में बाधा डालने और विभाग की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

