66 लोगों ने रक्तदान कर कमाया पुण्य 

Share News

डाबर इंडिया लिमिटेड में रक्तदान शिविर आयोजित

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। विश्व रक्तदान दिवस की पूर्व संध्या पर सिडकुल स्थित डाबर इंडिया लिमिटेड में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। ब्लड बैंक के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में कंपनी के कर्मचारियों और अधिकारियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया, जिसमें 66 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

शनिवार को शिविर का विधिवत शुभारंभ कंपनी के प्लांट हेड दुष्यंत शर्मा और एचआर हेड अनुरोध शर्मा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में प्लांट हेड दुष्यंत शर्मा ने कहा कि डाबर इंडिया लिमिटेड व्यावसायिक प्रतिबद्धताओं के साथ-साथ अपने सामाजिक सरोकारों और दायित्वों को भी पूरी शिद्दत से निभाती है। इसी कड़ी में मानव सेवा के उद्देश्य से कंपनी द्वारा हर वर्ष रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है। शिविर के दौरान उपस्थित डॉक्टरों और विशेषज्ञों द्वारा कर्मचारियों को रक्तदान से होने वाले स्वास्थ्य लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और उन्हें भविष्य में भी इस नेक कार्य के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में स्वैच्छिक रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रबंधन की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

 


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *