रिश्ता तय होने के बाद ससुराली बोले- मांग पूरी होगी, तभी आएगी बरात

– ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में दहेज लोभियों ने तोड़ी शादी, मजदूर पिता की इज्जत से खिलवाड़

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न और एक गरीब परिवार की खुशियों को कुचलने का बेहद संवेदनहीन मामला सामने आया है। यहाँ शादी तय होने और रस्म अदायगी के बाद लड़के वालों ने न सिर्फ रिश्ता तोड़ दिया, बल्कि एक मजदूर पिता की लाचारी और उसकी बेटी का सरेआम मजाक उड़ाया। काफी मिन्नतें करने के बाद भी जब आरोपी नहीं माने, तो पीड़ित पिता ने अदालत की शरण ली। अब कोर्ट के आदेश पर ट्रांजिट कैंप पुलिस ने बिचौलिए समेत लड़के पक्ष के छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ठाकुर नगर (ट्रांजिट कैंप) निवासी त्रिलोकी राम ने अदालत में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह दिहाड़ी मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। कुछ समय पहले उसकी मुलाकात सुभाष नाम के एक बिचौलिए से हुई। सुभाष ने बताया कि उसकी भाभी का बेटा दिनेश कुमार विवाह योग्य है और त्रिलोकी की बेटी के लिए सबसे बेहतर वर रहेगा। बातचीत के दौरान वर पक्ष ने बड़े-बड़े दावे करते हुए आश्वासन दिया था कि वे किसी भी प्रकार का दहेज नहीं लेंगे।

दोनों पक्षों की सहमति से 21 अप्रैल 2026 को विवाह की तिथि निर्धारित की गई। पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार रस्म अदायगी (सगाई/गोद भराई) के दौरान दान-दहेज भी दिया। इसके बाद पिता ने अपनी गाढ़ी कमाई और कर्ज लेकर बेटी की शादी के लिए टेंट, केटरिंग और अन्य बुकिंग का पूरा भुगतान कर दिया।

पीड़ित का आरोप है कि अचानक बिचौलिया सुभाष, पनको देवी, दूल्हा दिनेश कुमार, उसका भाई मनोज कुमार, पिता कृष्ण और मां मीरा देवी उनके घर धमक आए। उन्होंने साफ कह दिया कि बारात तभी आएगी, जब दहेज के तौर पर तीन तोला सोना, तीन लाख रुपये का घरेलू सामान, ढाई लाख रुपये नगद और एक मोटरसाइकिल दी जाएगी। पीड़ित ने जब अपनी गरीबी का हवाला देकर हाथ जोड़े, तो आरोपियों ने उसकी मजबूरी और बेटी का जमकर मजाक उड़ाया।

पिता ने इस धोखाधड़ी और उत्पीड़न की शिकायत ट्रांजिट कैंप पुलिस से की थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और कोई कार्रवाई नहीं की। हार मानकर पीड़ित ने न्याय के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। अब कोर्ट के सख्त रुख और आदेश के बाद पुलिस ने दूल्हे दिनेश कुमार, उसके माता-पिता, भाई और बिचौलिए समेत कुल छेद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement