सोशल मीडिया विवाद में हुई थी विक्रांत की गोली मारकर हत्या

Share News

12 घंटे में दो शूटर गिरफ्तार, नेपाल भागने की फिराक में थे आरोपी

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

किच्छा। सोशल मीडिया विवाद के चलते एक युवक पर फायरिंग कर उसकी हत्या करने वाले दो शातिर आरोपियों को पुलिस ने घटना के महज 12 घंटे के भीतर धाधा फार्म क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे।

पुलिस के अनुसार, 25 जून को किच्छा के महराया लालपुर रोड पर 6-7 बदमाशों ने रुद्रपुर के मुख्य बाजार निवासी विक्रांत नामक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। सुशीला तिवारी चिकित्सालय में इलाज के दौरान विक्रांत की मौत हो गई। शुक्रवार को विक्रांत के दोस्तों ने हत्या के विरोध में जूल्स निकाला था और हत्यारोपियों पर कार्यवाही की मांग की। मृतक की मां कंचन निवासी रुद्रपुर की तहरीर पर बंटी ठाकुर समेत छह आरोपियों के खिलाफ किच्छा थाने में मुकदमा दर्ज किया था। विक्रांत की मौत के बाद मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 बढ़ाई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में कुबूल किया कि उनका मृतक विक्रांत के साथ सोशल मीडिया पर काफी समय से विवाद और बयानबाजी चल रही थी। इसी रंजिश के चलते मौका पाकर उन्होंने विक्रांत पर फायरिंग कर दी। मुख्य आरोपी बंटी ठाकुर फिलहाल घायल है और अस्पताल में उपचाराधीन है। गिरफ्तार आरोपियों के वरुण कुमार निवासी रामेश्वरपुर, किच्छा और सुशील निवासी शिमला पिस्तौर, रुद्रपुर शामिल है।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराध करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बिल्कुल भी बख्शा नहीं जाएगा। बाकी आरोपियों को भी जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

 


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *