पुलिस पर युवक को बेरहमी से पीटने का बड़ा आरोप

पूर्व विधायक ठुकराल ने एसएसपी से मिलकर की कार्रवाई की मांग

एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ विभव सैनी को सौंपी जांच

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस पर एक युवक के साथ बर्बरतापूर्ण मारपीट और अमानवीय व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगा है। पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल पीड़ित परिवार और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति से मिले। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।

शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में पीड़ित पक्ष की ओर से एसएसपी को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि  रम्पुरा वार्ड निवासी लक्ष्मी का पुत्र आकाश एक ऑटो कार वॉशिंग का काम करता है। परिजनों का आरोप है कि बीते 14 जून को ट्रांजिट कैंप पुलिस उसे पूछताछ के बहाने अपने साथ ले गई थी। शुरुआत में परिजनों को पुलिस ने यह कहकर टाल दिया कि कोई एफआईआर दर्ज नहीं है और बाद में उसे छोड़ दिया गया। इसके बाद 16 जून को आकाश को दोबारा थाने बुलाया गया और 17 जून की रात को परिजनों के सुपुर्द किया गया। परिजनों का आरोप है कि जब युवक को उन्हें सौंपा गया, तब उसकी हालत बेहद नाजुक और गंभीर थी। वह ठीक से चलने की स्थिति में भी नहीं था और उसके हाथ-पैरों पर गंभीर चोटों के निशान थे।

परिजनों के मुताबिक, पीड़ित आकाश ने बताया कि ट्रांजिट कैंप थाना और आवास विकास चौकी के कुछ पुलिसकर्मियों ने रातभर उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया और बेरहमी से मारपीट की। हालत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने पुलिसिया कार्रवाई पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति पर कोई आरोप है तो उसके विरुद्ध कानून के दायरे में रहकर विधिक कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन पुलिस हिरासत में किसी नागरिक के साथ बर्बरता, मारपीट या अमानवीय व्यवहार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। आम जनता का कानून और खाकी पर विश्वास बनाए रखने के लिए इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी और दोषियों को सजा मिलना बेहद जरूरी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने पीड़ित परिवार को पूरी निष्पक्षता का भरोसा दिया है। उन्होंने तत्काल इस पूरे प्रकरण की जांच पुलिस क्षेत्राधिकारी विभव सैनी को सौंप दी है। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर पूरी निष्पक्षता के साथ विधिसम्मत और कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement