विधायक शिव अरोरा ने मौके पर खड़े होकर कराया काम का आगाज
तीन वार्डों से गुजरने वाली इस सड़क से हजारों लोगों को मिलेगी राहत
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। रमपुरा के लोगों को विधायक शिव अरोरा ने एक बड़ी राहत दी है। कटोरी मंदिर से चंद्रपाल किराना स्टोर तक जाने वाली बेहद महत्वपूर्ण सड़क, जो पिछले 2 वर्षों से अधिक समय से खस्ताहाल थी, का निर्माण कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। इस जर्जर मार्ग के कारण स्थानीय लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो चुका था और जनता लंबे समय से इसके निर्माण की मांग कर रही थी।
विधायक शिव अरोरा ने बृहस्पतिवार सुबह खुद मौके पर पहुंचकर अपनी देखरेख में सड़क निर्माण का कार्य शुरू करवाया। सड़क का काम शुरू होते ही क्षेत्रवासियों के चेहरे खिल उठे। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय पार्षदों और जनता ने विधायक शिव अरोरा का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया और उनका आभार जताया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि जनसेवा का संकल्प लेकर वे समग्र रुद्रपुर विधानसभा के विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह मार्ग रमपुरा की लाइफ लाइन है जो 3 वार्डों से होकर गुजरती है और रोजाना हजारों लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। मैंने वादा किया था कि रमपुरा मेरा परिवार है और इस सड़क का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। आज अपने वादे को पूरा करते हुए मैंने स्वयं मौके पर खड़े होकर काम शुरू करवाया है। विधायक निधि से लगभग 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाली यह सीसी सड़क पूरी तरह से गुणवत्तापूर्ण होगी, जिससे लोगों को हमेशा के लिए इस बदहाल रास्ते से निजात मिल जाएगी।




