सीडीओ के निरीक्षण से हड़कंप: शिक्षा विभाग में बड़ी लापरवाही उजागर

Share News

– पोर्टल पर काम ज़ीरो, चार कर्मचारी बिना बताए गायब

– अनुपस्थित कर्मियों को नोटिस, डीएम को भेजी जाएगी रिपोर्ट

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

भीमताल। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने बुधवार को भीमताल स्थित शिक्षा विभाग, होम्योपैथी कार्यालय एवं स्वजल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभागों में कई कमियां और अनियमितताएं पाई गईं, जिस पर सीडीओ ने कड़ा रुख अपनाते हुए लापरवाह अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है और अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।

बुधवार को सीडीओ के निरीक्षण में शिक्षा विभाग में कार्य के प्रति बड़ी लापरवाही उजागर हुई। मुख्य शिक्षा अधिकारी द्वारा केंद्र और राज्य सरकार के पोर्टलों पर अतिथि शिक्षकों से संबंधित कार्य की शुरुआत नहीं की गई थी। खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा विद्यालयों का नियमित निरीक्षण नहीं किया जा रहा है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। मुख्य शिक्षा अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा पोर्टल के माध्यम से कार्यों का डिजिटल अनुश्रवण नहीं किया जा रहा है। जिला योजना से जुड़े कार्यों में अभी तक कोई ठोस प्रगति या प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है। इन सभी अनियमितताओं पर संबंधित अधिकारियों से लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में पूरी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी।

स्वजल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कार्यालय और आसपास के परिसर में बेहद गंदगी पाई गई। इस पर नाराजगी जताते हुए सीडीओ ने परिसर में तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और नगरपालिका द्वारा लगाए गए कूड़ेदान को वहां से हटवाने के सख्त निर्देश दिए।

होम्योपैथी कार्यालय में निरीक्षण के वक्त चार कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। सीडीओ ने अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी करने का आदेश दिया।

सीडीओ ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

 

 


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *