लावारिश पशुओं को गौशाला भेजने के लिए शुरू हुआ विशेष अभियान

Share News

महापौर विकास शर्मा भी सड़क पर उतरे, 15 गौवंशीय पशु गोशाला भिजवाए

 – सड़कों पर पशुओं को खुला छोड़ने वाले पशुपालकों का कटेगा चालान

 – फुटपाथों पर अतिक्रमण और बदहाल पार्कों का संज्ञान, अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो 

रुद्रपुर। शहर की सड़कों पर घूम रहे आवारा गौवंशीय पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने सोमवार को विशेष अभियान चलाया। अभियान की कमान स्वयं महापौर विकास शर्मा ने संभाली और टीम के साथ निरीक्षण कर सड़कों पर घूम रहे 15 गौवंशीय पशुओं को पकड़कर गोशाला भिजवाया। कार्रवाई के दौरान बाधा डालने और विरोध करने वाले एक पशुपालक को पुलिस के सुपुर्द किया गया। महापौर ने आवास विकास क्षेत्र में सड़कों पर बढ़ रहे अतिक्रमण और बदहाल पार्कों का भी जायजा लिया व जिम्मेदारों को कड़ी चेतावनी दी।

सोमवार सुबह महापौर विकास शर्मा नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ वार्ड संख्या 11 (संजय नगर खेड़ा) और वार्ड संख्या 38 (आवास विकास क्षेत्र) पहुंचे। निरीक्षण के दौरान मुख्य सड़कों पर घूम रहे 15 गौवंशीय पशुओं को टीम ने पकड़कर नगर निगम की गोशाला भेजा। अभियान के दौरान एक पशुपालक ने गाय को ले जाने का विरोध किया और शासकीय कार्य में बाधा डालने की कोशिश की। इस पर टीम ने उसे तत्काल पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद अभियान निर्बाध रूप से संचालित हुआ।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि खुले में घूम रहे पशु लगातार हादसों का कारण बन रहे हैं। पूर्व में कई लोग चोटिल हुए हैं और जानमाल का नुकसान भी हुआ है। निगम इस समस्या पर पूरी तरह सख्त है। उन्होंने पशुपालकों को चेतावनी दी कि अपने पशुओं को सड़कों पर आवारा छोड़ना बेहद गैर-जिम्मेदाराना है। अब यदि कोई पशु सड़क पर मिला तो उसे गोशाला भेजने के साथ-साथ संबंधित मालिक का चालान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

महापौर ने स्पष्ट किया कि नगर निगम गोशाला में पशुओं के लिए चारा, पानी और सुरक्षित आश्रय के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। निगम का मकसद केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि पशुओं का संरक्षण और शहर को दुर्घटनामुक्त बनाना है। निरीक्षण के दौरान आवास विकास क्षेत्र में दुकानों के बाहर और फुटपाथों तक फैले अतिक्रमण को देखकर महापौर ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को अतिक्रमणकारियों के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही, क्षेत्र के पार्कों में फैली गंदगी और रखरखाव के अभाव पर असंतोष व्यक्त करते हुए तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाने और नियमित मेंटेनेंस सुनिश्चित करने को कहा।

इस दौरान पार्षद संघ अध्यक्ष श्री राजेश जग्गा, निगम वाहन प्रभारी गौतम सिंह, नामित पार्षद संदीप वाल्मीकि, बंटी, अभिषेक, दीपक राठौर, वार्ड सुपरवाइजर ज्ञान सिंह और रोहित सहित अन्य निगम कर्मी उपस्थित रहे।


Share News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *