खूनी रंजिश के तहत ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाले चार बदमाश गिरफ्तार

– दो स्कॉर्पियो और हथियारों का जखीरा बरामद

– दो मुख्य आरोपी हैं फरार, पुलिस कर रही तलाश

न्यूज एंड नॉक ब्यूरो

गदरपुर। पुरानी रंजिश को लेकर हुई दुस्साहसिक फायरिंग और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को दबोच लिया है। इनके पास से अवैध पिस्टल, तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई दो काली स्कॉर्पियो गाड़ियां बरामद की गई हैं।

दरअसल, बाजपुर क्षेत्र में बीते जुलाई में दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट का बदला लेने के लिए 26 जुलाई की शाम आरोपियों ने खूनी साजिश रची थी। गदरपुर के सरदार नगर अंडरपास कट के पास घेराबंदी कर बदमाशों ने वादी सहजपाल सिंह और उसके दोस्तों पर जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग कर दी।

इस जानलेवा हमले में वादी के दोस्त गुरशरण उप्पल उर्फ गगन के पैर में गोली लग गई थी, जबकि वादी और उसके साथी सौरभ बाबा के साथ आरोपियों ने जमकर मारपीट की और गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों पर  मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस ने सर्विलांस, तकनीकी उपकरणों और मुखबिरों की मदद से तीन अगस्त हरिपुरा जलाशय (गूलरभोज) के पास घेराबंदी कर चार वांछित बदमाशों को धर दबोचा। इनमें राजवीर सिंह विर्क निवासी मुकंदपुर डेरा, गदरपुर, आकाशदीप सिंह निवासी सरोवर नगर, गदरपुर (पूर्व में भी BNS धाराओं में दर्ज है FIR), प्रशांत सिंह उर्फ मनी उर्फ पिद्दी निवासी वार्ड नं. 2, गदरपुर (पूर्व में धोखाधड़ी और IT Act का आरोपी) और सौरभ कुमार निवासी शिवपुरी, केलाखेड़ा शामिल है। पुलिस ने आरोपियों से एक देशी पिस्टल (.32 बोर), एक अवैध तमंचा (.315 बोर), दो जिंदा कारतूस और हमले में प्रयुक्त वाहन 2 काली स्कॉर्पियो एन (रजिस्ट्रेशन नं. UK06BJ5050 व UK06BJ8585), एक बांस का डंडा। बरामद किया।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement