न्यूज एंड नॉक संवाददाता
टनकपुर। एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कुमाऊँ यूनिट और कोतवाली टनकपुर पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन में तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह इस वर्ष उत्तराखंड की अब तक की सबसे बड़ी एमडीएमए बरामदगी मानी जा रही है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 25 लाख आंकी गई है।
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कुमाऊँ यूनिट को तकनीकी और मैनुअल इनपुट के जरिए सटीक सूचना मिली थी कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बड़ी खेप की सप्लाई होने वाली है। सूचना के आधार पर टनकपुर पुलिस के साथ मिलकर की गई घेराबंदी में बाइक सवार तीन तस्करों को 244.06 ग्राम एमडीएमए के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया।
गिरफ्तार अभियुक्त इमरान, आशीष और अभिषेक रुद्रपुर के रहने वाले हैं। एंटी नारकोटिक्स यूनिट गिरफ्तार अभियुक्तों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज (मादक पदार्थ कहां से लाए जा रहे थे और किसे बेचे जाने थे) की गहनता से पड़ताल कर रही है, ताकि इस अवैध नशे के सिंडिकेट से जुड़े पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।




