– पंजाबी गौरव सम्मेलन में बोले बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन
– विस्थापन के दर्द से लेकर अन्न भंडार बनने तक की गौरवगाथा को किया याद
न्यूज एंड नॉक ब्यूरो
रुद्रपुर। रामपुर रोड स्थित एक निजी होटल में आयोजित भव्य ‘पंजाबी गौरव सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि विभाजन की पीड़ा झेलने के बाद भी सिख और पंजाबी समाज ने अपने पुरुषार्थ और कड़े परिश्रम से उत्तराखंड की तराई को समृद्ध बनाया। आज तराई को अगर प्रदेश का अन्न भंडार कहा जाता है, तो इसकी मजबूत नींव इसी समाज ने रखी है।
सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई वरिष्ठ नेताओं की गरिमामयी मौजूदगी रही। अपने संबोधन के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सिख परंपरा, राष्ट्र निर्माण में समाज के बलिदान और केंद्र सरकार द्वारा किए गए ऐतिहासिक कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोलने, साहिबजादों के बलिदान को सम्मान देने के लिए ‘वीर बाल दिवस’ की घोषणा, 1984 के पीड़ितों के लिए एसआईटी का गठन और गोविंदघाट-हेमकुंड साहिब के लिए करीब ₹2700 करोड़ की लागत से बनने वाले रोपवे प्रोजेक्ट का विशेष उल्लेख किया। युवाओं में बढ़ती नशे की लत को गंभीर चुनौती बताते हुए उन्होंने समाज से ‘विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा संकल्प अभियान’ में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कृषि, उद्योग और व्यापार के क्षेत्र में तराई को पहचान दिलाने में पंजाबी-सिख समाज का योगदान अतुलनीय है। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरविंदर सिंह विर्क ने की। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट, स्थानीय विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा सहित पार्टी के कई विधायक, जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी उपस्थित रहे।




